पटना: बिहार में गंगा नदी पर बने देश के सबसे लंबे नदी पुल का शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। उद्घाटन से पहले पटना एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की मुलाकात भी हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इसके बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए नीतीश कुमार से मिलकर खुशी जताई।
नीतीश सेतु बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बनाया गया छह लेन का केबल पुल है। इसकी लंबाई 9.76 किलोमीटर है, जो इसे भारत का सबसे लंबा नदी पुल बनाती है। पुल और उससे जुड़ी पहुंच सड़कों को मिलाकर पूरे सड़क कॉरिडोर की लंबाई 19.76 किलोमीटर है। इस परियोजना पर करीब 4,280 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ पुल पर कुछ दूर तक पैदल चले। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया और गमछा लहराकर उनका स्वागत स्वीकार किया।
पटना और वैशाली के बीच कनेक्टिविटी होगी बेहतर
यह पुल वैशाली के बिदुपुर को पटना के बाहरी इलाके में स्थित कच्ची दरगाह से जोड़ता है। अधिकारियों के मुताबिक, यह पटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर कच्ची दरगाह को वैशाली में एनएच-322 पर बिदुपुर से जोड़ेगा। परियोजना की परिकल्पना नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते हुई थी और उनके कार्यकाल में ही यह निर्माण पूरा होने के करीब पहुंचा। इसी को ध्यान में रखते हुए पुल का नाम उनके नाम पर रखा गया है।
गांधी सेतु पर घटेगा ट्रैफिक का दबाव
अधिकारियों को उम्मीद है कि नीतीश सेतु चालू होने से पटना और हाजीपुर को जोड़ने वाले 40 साल से ज्यादा पुराने महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सफर आसान होगा और यात्रा में लगने वाला समय भी घटेगा। इसका खास फायदा राघोपुर दियारा के लोगों को मिलेगा। उन्हें पटना पहुंचने और इलाज, शिक्षा जैसी जरूरी सुविधाओं तक जाने में आसानी होगी। इसके अलावा किसानों की उपज और औद्योगिक सामान को बाजारों तक पहुंचाना भी सरल होगा।
सरकार का मानना है कि बिदुपुर-कच्ची दरगाह कॉरिडोर निवेश के लिए आकर्षक जगह बन सकता है। बेहतर सड़क संपर्क से यहां पर्यटन और लॉजिस्टिक्स का केंद्र विकसित होने की संभावना है। इससे व्यापार, कारोबार और पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।











