मुंबई: मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों का माहौल गम में बदल दिया. भुलेश्वर इलाके में ‘भुलेश्वर चा राजा’ की गणेश प्रतिमा आगमन समारोह के दौरान अचानक गिर गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए. घायलों में 5 और 7 साल की दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और राहत-बचाव के लिए कई टीमें तुरंत पहुंचीं.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में हुआ. बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास स्थित जय अंबे चौक में ‘भुलेश्वर चा राजा’ की प्रतिमा आगमन समारोह के तहत लाई जा रही थी. इसी दौरान अचानक प्रतिमा गिर गई और वहां मौजूद कुछ लोग उसकी चपेट में आ गए. हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एंबुलेंस सेवा और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं. राहतकर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
दो लोगों ने गंवाई जान
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 33 वर्षीय संकेत नेवशे और 30 वर्षीय बृजेश हेमंत जोशी की मौत हो गई. दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, पांच लोग घायल हुए हैं. इनमें वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), कुणाल काशिद (26), लावण्या गनेर (5) और दिव्या गनेर (7) शामिल हैं. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
गणेशोत्सव में निकलते हैं बड़े आगमन जुलूस
मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है. दस दिनों तक चलने वाले इस पर्व में घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं. प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाने के लिए आगमन जुलूस भी निकाले जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं. ढोल-ताशों और जयकारों के बीच निकलने वाले इन जुलूसों में भारी भीड़ रहती है. भुलेश्वर में हुआ हादसा भी ऐसे ही एक गणेश आगमन समारोह के दौरान हुआ. इस घटना ने त्योहार की तैयारियों के बीच लोगों को झकझोर कर रख दिया है.
मौके पर जारी रहा राहत कार्य
घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने इलाके को संभालते हुए राहत कार्य चलाया. ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने में मदद की. नगर निगम और एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया. मुंबई में गणेशोत्सव के लिए बड़ी संख्या में सार्वजनिक पंडालों को अनुमति दी गई है. ऐसे में आने वाले दिनों में शहर में कई धार्मिक आयोजन और जुलूस होंगे. फिलहाल हादसे की वजह की जांच की जा रही है, जबकि पांचों घायलों का इलाज जारी है.









