पटना के पॉश इलाकों में STF की ताबड़तोड़ छापेमारी, कई लोग हिरासत में

0
12

पटना: बिहार में साइबर ठगी के कथित नेटवर्क के खिलाफ बुधवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की। पटना स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्थानीय थाना पुलिस की टीमों ने राजा बाजार और बोरिंग रोड इलाकों में एक साथ छापेमारी की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, उनकी संख्या को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। कुछ रिपोर्टों में 20 से 25 लोगों को हिरासत में लेने की बात है, जबकि स्थानीय स्तर पर यह संख्या 30 से 40 बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जिन ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है, उनका इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों के लिए किए जाने का शक है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी का तरीका जानने में जुटी है। साथ ही, दोनों ठिकानों के बीच संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।

बोरिंग रोड के अपार्टमेंट में सुबह से छापेमारी

जानकारी के मुताबिक, बोरिंग रोड की मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट के ए-ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट नंबर 301-A में सुबह करीब आठ बजे से तलाशी चल रही है। टीम दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच कर रही है। इसके अलावा राजा बाजार स्थित एक अन्य अपार्टमेंट में भी छापेमारी की गई। एक स्थानीय निवासी के मुताबिक, सुबह से 30 से 40 एसटीएफ जवान मौके पर मौजूद हैं। उनके मुताबिक, कई अहम कागजात मिले हैं।

कुणाल कुमार के नाम पर है फ्लैट

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बोरिंग रोड स्थित फ्लैट कुणाल कुमार के नाम पर है। बताया जा रहा है कि कुणाल कुमार की साइबर से जुड़ी दुकान भी है। हालांकि, पुलिस ने अब तक फ्लैट के मालिक या वहां मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। बरामद दस्तावेजों से नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

छापेमारी के बाद पुलिस देगी पूरी जानकारी

पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई खबर लिखे जाने तक जारी थी। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी पूरी होने के बाद मीडिया को विस्तृत जानकारी दी जाएगी। फिलहाल नेटवर्क के आकार, ठगी के तरीके और इसमें शामिल लोगों के बारे में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here