नई दिल्ली: शिक्षा की मजबूत नींव, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार और बेटियों की सुरक्षित आवाजाही का संकल्प लेकर दिल्ली सरकार ने छात्राओं को दोहरी सौगात दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के कमला नेहरू कॉलेज में नवनिर्मित ‘वंदे मातरम् अकादमिक भवन’ का उद्घाटन किया। इसके साथ ही छात्राओं के सफर को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए दो नए मार्गों पर विश्वविद्यालय महिला विशेष बस सेवाओं का शुभारंभ किया। सरकार की इस पहल को महिला शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कॉलेज दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व और व्यक्तित्व का निर्माण करना है। सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली की बेटियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन सुविधा भी मिले।
दो मार्गों पर बसों की सौगात
छात्राओं की सुविधा के लिए दिल्ली परिवहन निगम की नई बस सेवाएं लक्ष्मी नगर और ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन से कमला नेहरू कॉलेज तथा गार्गी कॉलेज के लिए सीधी संपर्क सुविधा देंगी। सुबह 8 से 10:30 बजे तक मेट्रो स्टेशन से और दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक कॉलेज क्षेत्र से बसें चलेंगी। प्रत्येक 30 मिनट में बस उपलब्ध होगी। इससे छात्राओं को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन पर निर्भरता आसान होगी।
400 से चार हजार तक पहुंचा सफर
मुख्यमंत्री ने कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि महज 400 विद्यार्थियों से शुरू हुआ यह संस्थान आज प्रतिवर्ष चार हजार से अधिक छात्राओं को शिक्षा प्रदान कर रहा है। नया अकादमिक भवन कॉलेज की शैक्षणिक यात्रा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि किसी संस्थान की असली पहचान उसकी इमारतों से नहीं, बल्कि वहां से निकलने वाली प्रतिभाओं से होती है।
छात्राओं को दिया सफलता का मंत्र
अपने दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाने और विद्यार्थियों की समस्याओं को समझने से ही नेतृत्व की भावना विकसित होती है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, प्रतिभा और संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विजिता सिंह अग्रवाल और दिल्ली विश्वविद्यालय दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समारोह में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कमला नेहरू कॉलेज जैसी संस्थाएं बेटियों को आत्मनिर्भर बनाकर देश और समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी मजबूत करेंगी।
Reported By: Pankaj Rai












