विश्व सीओपीडी दिवस पर डॉक्टर दीपक तायल की अपील, सांस फूलने और लगातार खांसी को न करें नजरअंदाज

0
14

हिसार: विश्व सीओपीडी दिवस के अवसर पर आधार हॉस्पिटल के छाती एवं श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक तायल ने आमजन को फेफड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सांस फूलना, लगातार खांसी आना और बलगम बनना जैसी समस्याओं को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय रहते जांच और उचित उपचार से सीओपीडी जैसी गंभीर बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है और मरीज बेहतर जीवन जी सकता है।

18 नवंबर को मनाया जाता है विश्व सीओपीडी दिवस

डॉ. दीपक तायल ने बताया कि विश्व सीओपीडी दिवस प्रत्येक वर्ष 18 नवंबर को मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम 'समय पर पहचान और उचित उपचार से बेहतर जीवन' रखी गई है। इसका उद्देश्य लोगों को इस बीमारी के शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना है।

लगातार खांसी और सांस फूलना हो सकते हैं सीओपीडी के लक्षण

उन्होंने बताया कि सीओपीडी फेफड़ों से जुड़ी एक दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें सांस की नलियां प्रभावित होने के कारण मरीज को सांस लेने में परेशानी होती है। इसके प्रमुख लक्षणों में लगातार खांसी, बलगम, सांस फूलना और छाती में घरघराहट शामिल हैं। जागरूकता की कमी के कारण कई मरीज समय पर जांच नहीं करवाते, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले सकती है।

धूम्रपान और वायु प्रदूषण बढ़ाते हैं बीमारी का खतरा

डॉ. तायल के अनुसार धूम्रपान, तंबाकू का सेवन, घरेलू और बाहरी वायु प्रदूषण तथा कार्यस्थलों पर हानिकारक धूल एवं रसायनों के संपर्क में रहना इस बीमारी के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। विशेष रूप से उत्तर भारत में बढ़ता वायु प्रदूषण श्वसन संबंधी बीमारियों की चुनौती को और गंभीर बना रहा है।

सीओपीडी की पहचान में स्पाइरोमेट्री जांच अहम

उन्होंने कहा कि सीओपीडी की सही पहचान के लिए श्वसन क्षमता जांच (स्पाइरोमेट्री) बेहद महत्वपूर्ण है। इस जांच से फेफड़ों की कार्यक्षमता का पता लगाया जाता है। बीमारी की स्थिति के अनुसार चिकित्सक की सलाह से इन्हेलर उपचार, नियमित जांच और उचित देखभाल के माध्यम से इसे नियंत्रित किया जा सकता है।

लक्षण दिखने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से लें सलाह

डॉ. दीपक तायल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि धूम्रपान और तंबाकू से दूरी बनाएं, वायु प्रदूषण से बचाव करें और अपने फेफड़ों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। यदि लगातार खांसी, बलगम या सांस फूलने जैसी परेशानी हो तो घरेलू उपायों के भरोसे रहने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें।

सांस फूलने को उम्र या कमजोरी समझकर न करें नजरअंदाज

उन्होंने कहा कि सांस फूलने को उम्र या सामान्य कमजोरी का हिस्सा समझकर नजरअंदाज करना उचित नहीं है। समय पर जांच, सही उपचार और जागरूकता ही स्वस्थ फेफड़ों एवं बेहतर जीवन की कुंजी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here