चीन की बढ़ेगी टेंशन, ब्रह्मोस के साथ भारत के इन घातक हथियारों पर टिकी दुनिया की नजर

0
12

नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत की ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का दबदबा पूरी दुनियी में तेजी से बढ़ रहा है। मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस की ताकत का अंदाजा पाकिस्तान ही नहीं बल्कि दुनिया के तमाम देशों ने अपनी आंखों से देखा। इसके बाद से ही पश्चिम से लेकर दक्षिण-पूर्व एशिया तक के देश इस क्रूज मिसाइल को खरीदने की होड़ में जुटे हैं। इसी बीट अब फिलीपींस से एक बड़ी खबर सामने आई है। 

जानकारी के मुताबिक, भारत और फिलीपींस  के बीच डिफेंस डील को और मजबूत करने की तैयारी चल रही है। दोनों देश कई बड़े डिफेंस सौदों पर बातचीत   कर रहे हैं। इनमें ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल, आकाश एयर डिफेंस सिस्टम, पिनाका रॉकेट लॉन्चर, हेलीकॉप्टर और स्पेस में सहयोग शामिल है। फर्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलीपींस अपनी सेना के लिए ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम की कम से कम 6 एक्स्ट्रा बैटरी खरीदने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा वह भारत से आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की 5 से अधिक रेजिमेंट और पिनाका रॉकेट लॉन्चर खरीदने की भी योजना बना रहा है। 

आकाश और पिनाका पर भी नजर

ब्रह्मोस के अलावा फिलीपींस भारत के दूसरे हथियारों को खरीदने पर भी विचार कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस अपनी थल सेना, नौसेना और वायुसेना के लिए भारत से आकाश एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने को लेकर बातचीत कर रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आकाश सिस्टम ने कैसा प्रदर्शन किया और इसे दूसरे एयर डिफेंस सिस्टम के साथ कैसे जोड़ा जा सकता है, इस बारे में फिलीपींस के रक्षा अधिकारियों को जानकारी दी गई है। हालांकि माना जा रहा है कि फिलीपींस एयरफोर्स लंबी दूरी तक मार करने वाले एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रही है।

नेवी के वॉरशिप पर ब्रह्मोस का प्रस्ताव

जानकारी के मुताबिक, भारत ने फिलीपींस को अपने नेवी के वॉरशिप पर भी ब्रह्मोस मिसाइल लगाने का प्रस्ताव दिया है। यह प्रस्ताव इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि फिलीपींस ने जमीन से मिसाइल दागने वाले लॉन्चर के भारी वजन को लेकर चिंता जताई है। देश के कई इलाकों में पहाड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते हैं। साथ ही सड़कों की हालत भी अच्छी नहीं है। 

ऐसे में भारी लॉन्चर को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना मुश्किल हो जाता है। हालांकि फिलीपींस ने अभी तक नेवी के वॉरशिप पर ब्रह्मोस लगाने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। इसकी वजह यह है कि फिलीपींस की नेवी के वॉरशिप में पहले से ही अमेरिका और दूसरे देशों के बनाए हथियार और उपकरण लगे हैं। ऐसे में ब्रह्मोस को इन जहाजों से जोड़ने से पहले उनमें काफी बदलाव करना होगा।

पेमेंट की शर्तों पर अटकी बात

जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस इन हथियारों की खरीद पर होने वाले भारी खर्च को देखते हुए पेमेंट की शर्तों में कुछ छूट चाहता है। वह चाहता है कि उसे पेमेंट के लिए ज्यादा आसान सिस्टम मिले। क्या फिलीपींस इन हथियारों की खरीद के लिए भारत की ओर से दी जाने वाली लाइन ऑफ क्रेडिट का इस्तेमाल कर सकता है? 

इस सवाल पर मिली जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस में डिफेंस डील के लिए विदेशों से कर्ज लेने पर कुछ पाबंदियां हैं। ऐसे में भारत और फिलीपींस के बीच चल रही बातचीत में पेमेंट और पैसे के इंतजाम का तरीका एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here