एसडीएम ने लघु सचिवालय परिसर, अनाज मंडी, नागरिक अस्पताल, केटी कॉलेज और सहनाल रोड स्थित खरीद केंद्रों का किया निरीक्षण

0
13

रतिया: एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने बुधवार को रतिया क्षेत्र में विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लघु सचिवालय परिसर, अनाज मंडी, नागरिक अस्पताल, केटी कॉलेज तथा सहनाल रोड पर स्थित विभिन्न खरीद केंद्रों का दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लघु सचिवालय परिसर में साफ-सफाई के निर्देश  

लघु सचिवालय परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जाए। परिसर में लगे पेड़ों की सूखी एवं अनावश्यक टहनियों की छंटाई करवाई जाए तथा आसपास जमा कूड़े-कचरे को हटाकर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए और इसके लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।

अनाज मंडी और खरीद केंद्रों का निरीक्षण 

इसके बाद एसडीएम ने रतिया अनाज मंडी और सहनाल रोड स्थित खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में फसल खरीद, उठान, सफाई तथा किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि मंडी और खरीद केंद्रों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा  

नागरिक अस्पताल के निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, शौचालयों तथा अस्पताल में मरीजों को दी जा रही दवाइयों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को आवश्यक दवाइयां समय पर उपलब्ध करवाई जाएं तथा दवाइयों की कमी न होने दी जाए। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और अस्पताल परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। 

नशे से पीड़ित युवा से की बातचीत

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नशे से पीड़ित एक युवा से भी बातचीत की और उसे नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समझाया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने युवा को नशा छोड़कर स्वस्थ जीवन अपनाने तथा जरूरत पड़ने पर उपचार एवं परामर्श लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके उपरांत उन्होंने केटी कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों एवं रिकॉर्ड की जांच की तथा कॉलेज परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित स्टाफ को सभी रजिस्टर एवं रिकॉर्ड अपडेट रखने और कॉलेज परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी

एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अधिकारी नियमित रूप से अपने कार्यों की निगरानी करें और निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here