गुवाहाटी नाइट क्लब में महिला के साथ बर्बरता, बेसमेंट तक घसीटकर की मारपीट, क्लब मैनेजर समेत 7 गिरफ्तार

0
7

गुवाहाटी: गुवाहाटी के एक नाइट क्लब में गुरुवार देर रात जो कुछ हुआ, उसने पूरे असम को झकझोर कर रख दिया है। खानापारा इलाके में एक महिला के साथ हुई बर्बर मारपीट का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में अब तक क्लब मैनेजर समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

यह घटना खानापारा इलाके के ‘द लोकल्स’ कैफे और लाउंज में हुई, जहां मौजूद लोगों के मुताबिक क्लब के बाउंसरों का इस पूरे मामले में सीधा हाथ था। वायरल वीडियो में महिला फर्श पर लाचार अवस्था में नजर आ रही है, जबकि कुछ अन्य महिलाएं और पुरुष उसके साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। एक अन्य वीडियो में किसी को उसे उठाने की कोशिश करते देखा जा सकता है, तभी वहां एक गाड़ी आकर पूरा नजारा ढक देती है।

नशे में हुई झड़प बनी मारपीट की वजह

पुलिस के मुताबिक नशे की हालत में हुई एक झड़प के बाद मामला इतना बढ़ गया कि बाउंसरों ने महिला के साथ बदसलूकी कर दी। घटना में शामिल लोगों में पुरुष और महिला बाउंसर, दोनों शामिल थे। बताया जा रहा है कि महिला को क्लब की चौथी मंजिल से नीचे लाकर पार्किंग क्षेत्र में ले जाया गया था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला ने पहले क्लब के भीतर एक महिला बाउंसर पर बीयर की बोतल से हमला किया था, जिसके बाद यह पूरा विवाद शुरू हुआ।

सात लोग गिरफ्तार, देर रात तक खुला था क्लब

शनिवार को पुलिस ने इस मामले में नाइट क्लब मैनेजर, इवेंट मैनेजर और फ्रंट ऑफिस एग्जीक्यूटिव समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया, जिनकी उम्र 21 से 30 साल के बीच बताई जा रही है और इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्लब अपने तय समय यानी रात 12 बजकर 30 मिनट के बाद भी इतनी देर तक कैसे खुला रहा।

CCTV फुटेज में हुआ खुलासा

गुवाहाटी पूर्व के DCP तबू राम पेगू ने बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही CCTV फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज से पता चला कि सुबह करीब 2 बजकर 30 मिनट पर महिला पर कुछ लोगों के समूह ने हमला किया, और उसके बाद उसे बाल और कपड़े खींचते हुए बेसमेंट तक घसीटा गया, जहां दोबारा हमला होने पर वह बेहोश हो गई। DCP के मुताबिक घटना में शामिल कई लोग क्लब से ही जुड़े हुए थे, और मैनेजमेंट ने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस स्टेशन को भी नहीं दी थी। आखिरकार दिसपुर पुलिस स्टेशन ने खुद संज्ञान लेते हुए इस मामले की जांच शुरू की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here