नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए याचिका दाखिल की है और जमानत के आदेश पर रोक लगाने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट इस पर कल सुनवाई करेगा। हालांकि, शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने टिप्पणी की कि अगर आजम खान अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आते हैं, तो इससे आसमान नहीं टूट पड़ेगा। इससे पहले मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें अंतरिम जमानत देने का आदेश दिया था।
हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर उठाए सवाल
हाईकोर्ट ने कहा था कि एक अन्य मामले में जमानत मिलने के बाद आजम खान को जेल से रिहा किया गया, लेकिन जेल के दरवाजे पर ही उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत के मुताबिक, यह घटनाक्रम ईडी की कार्रवाई को प्रेरित और दुर्भावनापूर्ण दिखाता है। अदालत ने यह भी पाया कि गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 19 के तहत जरूरी सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन नहीं किया गया। आजम खान की आपराधिक रिट याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने अंतरिम राहत दी। आदेश के अनुसार, आजम खान को 10 दिसंबर 2026 तक अंतरिम जमानत पर रिहा किया जाना है। इसके लिए उन्हें गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की संतुष्टि के मुताबिक एक व्यक्तिगत मुचलका और समान राशि के दो जमानतदार देने होंगे। याचिका में ईडी समेत पांच पक्षों को प्रतिवादी बनाया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट जाने को कहा था
आजम खान ने ईडी की गिरफ्तारी को पहले सीधे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। 5 नवंबर को शीर्ष अदालत ने उन्हें पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने का निर्देश दिया था। साथ ही रजिस्ट्री को दो दिनों में मामले का मूल रिकॉर्ड हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भेजने और अंतरिम राहत पर उचित आदेश देने को कहा था। इसके बाद हाईकोर्ट की डिविजन बेंच ने 16 और 17 नवंबर को सुनवाई की। आजम खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने दलीलें रखीं। उनके साथ इमरान उल्लाह, विनीत विक्रम और मोहम्मद खालिद मौजूद रहे। ईडी की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू, वरिष्ठ अधिवक्ता जोहेब हुसैन और अधिवक्ता सुशांत चंद्र ने पक्ष रखा।










