जंतर-मंतर की विदाई, तीन नए ठिकानों पर प्रदर्शन की तैयारी! दिल्ली पुलिस का बड़ा फैसला

0
15

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। अब तक विरोध-प्रदर्शनों के प्रमुख स्थल के रूप में पहचाने जाने वाले जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटा दिया गया है। इसके स्थान पर राजधानी में तीन नए स्थानों को धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की ओर से जारी स्थायी आदेश में इसकी जानकारी दी गई है।

आदेश के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकों के विरोध-प्रदर्शन और सभा आयोजित करने के अधिकार को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक स्थलों की पहचान के लिए एक समिति गठित की थी। समिति की सिफारिशों के आधार पर यह बदलाव किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदर्शन आयोजित करने के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित करना और राजधानी में सार्वजनिक व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करना है।

रामलीला मैदान से बुराड़ी तक, अब तीन नए ठिकाने

नए आदेश के तहत रामलीला मैदान बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को धरना-प्रदर्शन आयोजित करने के लिए नए निर्धारित स्थल बनाया गया है। इन तीनों स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत और संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया अलग से जारी की जाएगी।

दिल्ली पुलिस ने यह आदेश पहले जारी स्थायी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए जारी किया है। पूर्व आदेश 28 अप्रैल 2022 का था। नए निर्देश में पुलिस अधिकारियों और संबंधित इकाइयों को इसकी जानकारी देने तथा आदेश को आधिकारिक आंतरिक नेटवर्क पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अब बदलेगा विरोध-प्रदर्शन का ठिकाना

जंतर-मंतर लंबे समय से राजनीतिक दलों सामाजिक संगठनों और विभिन्न जनसमूहों के विरोध-प्रदर्शनों का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐसे में इसे निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने और तीन नए स्थान तय करने के फैसले का असर राजधानी में होने वाले आगामी धरना-प्रदर्शनों की योजना पर पड़ सकता है।

हालांकि नए स्थलों पर प्रदर्शन आयोजित करने की विस्तृत प्रक्रिया और शर्तें अलग से जारी की जानी हैं। इसलिए आयोजकों को आगामी निर्देशों के अनुसार ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here