कुलगाम में सुरक्षाबलों का बड़ा प्रहार, लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट ढेर

0
8

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह से चल रही मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कुख्यात आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया। लतीफ लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था और हाल ही में सीआरपीएफ टीम पर हुए हमले में भी उसका नाम सामने आया था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि देवसर के जांगलपोरा इलाके में आतंकी छिपा हुआ है।

इसके बाद संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। घेराबंदी के दौरान आतंकी की मौजूदगी की पुष्टि हुई तो जवानों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया।

मस्जिद से की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर

कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने बताया कि लतीफ को कई बार समझाया गया। उन्होंने खुद वीडियो कॉल पर उससे बात की और कहा कि वह अभी युवा है, उसकी पूरी जिंदगी बाकी है। उसे हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने की अपील की गई, लेकिन लतीफ ने हर बार इनकार कर दिया। एसएसपी के अनुसार, बातचीत के दौरान लतीफ इलाके की एक मस्जिद के अंदर चला गया और वहीं से जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद भी सुरक्षाबलों ने संयम बरता और बार-बार लाउडस्पीकर से सरेंडर की अपील की, लेकिन जब फायरिंग नहीं रुकी तो जवाबी कार्रवाई में उसे ढेर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि लतीफ का साथी नसीर डार सोमवार को लारू में हुई मुठभेड़ में मारा गया था। उस दौरान लतीफ घेराबंदी तोड़कर भागने में कामयाब हो गया था, लेकिन सुरक्षाबलों ने उसका पीछा जारी रखा और आखिरकार उसे जांगलपोरा में घेर लिया।

सीआरपीएफ पर हमले से जुड़ा था तार

गौरतलब है कि 11 नवंबर को कुलगाम के अखरन में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर गोलीबारी हुई थी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। जांच में सामने आया कि इस हमले में लतीफ और उमर निसार शामिल थे। उमर को 16 नवंबर को हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया था।

हमले से पहले की थी रेकी

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि हमले से एक दिन पहले लतीफ ने अपने साथी के साथ कुलगाम के चार इलाकों में घूमकर रेकी की थी। सीसीटीवी फुटेज में दोनों मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम इलाके में देखे गए थे। जांच के मुताबिक, उमर ने पिछले छह महीने से लतीफ को पनाह दे रखी थी। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here