वृंदावन: धर्मनगरी में शुक्रवार तड़के आयकर विभाग की सर्वे कार्रवाई से रियल एस्टेट कारोबारियों में खलबली मच गई। विभाग की अलग-अलग टीमों ने वृंदावन में दो स्थानों पर पहुंचकर वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई की खबर फैलते ही रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल बढ़ गई। कई कारोबारी अपने कार्यालयों से दूरी बनाए रहे और फोन के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के तीन गाड़ियों में सवार होकर आयकर विभाग की टीम रमणरेती स्थित आनंद कृष्ण वन पहुंची। टीम ने यहां आनंद कृष्ण वन के निदेशक के कार्यालय और फ्लैट में पहुंचकर जरूरी जानकारियां जुटाईं। कार्रवाई के दौरान परिसर के मुख्य द्वार को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। करीब ढाई घंटे तक टीम अंदर रही और वित्तीय लेनदेन से संबंधित कागजात की पड़ताल करती रही। टीम में तीन महिला और चार पुरुष अधिकारी शामिल बताए गए हैं। कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम वापस लौट गई।
इसके बाद तीन गाड़ियों में पहुंची आयकर विभाग की एक अन्य टीम ने चैतन्य विहार फेज-दो स्थित लज्जाराम वृंदावन धाम में जांच शुरू की। यहां भी अधिकारियों ने कई घंटे तक वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने आवश्यक जानकारियां जुटाईं। हालांकि, जांच के संबंध में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
वृंदावन सहित अन्य स्थानों पर आयकर विभाग की इस कार्रवाई की चर्चा पूरे दिन रियल एस्टेट कारोबारियों के बीच होती रही। कार्रवाई की भनक लगते ही कारोबार से जुड़े कई लोग सतर्क नजर आए। फिलहाल विभाग की जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं और किन वित्तीय लेनदेन को लेकर पड़ताल की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Reported By: Prem Kaushik










