दीपावली से पहले तीन धार्मिक शहरों को बम से उड़ाने की धमकी, मथुरा में हाईअलर्ट; जन्मभूमि की सुरक्षा बढ़ाई

0
9

मथुरा: दीपावली से पहले मथुरा, काशी और अयोध्या में बम धमाके करने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई है। धमकी के बाद मथुरा को हाईअलर्ट पर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। शहर से लेकर देहात तक पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि की सुरक्षा कड़ी, चौराहों पर सघन चेकिंग

धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा का दायरा बढ़ा दिया है। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रहे हैं। एसएसपी श्लोक कुमार ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। प्रमुख मंदिरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त भी कराई जा रही है।

धमकी भरे ई-मेल की जांच में साइबर, स्वाट व एसओजी सक्रिय

उधर, धमकी भरे ई-मेल की जांच के लिए साइबर क्राइम टीम के साथ एलआईयू, स्वाट, एसओजी और इंटरनेट मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया गया है। साइबर टीम नगर आयुक्त को भेजे गए ई-मेल की पड़ताल कर रही है। ई-मेल कहां से भेजा गया, इसके पीछे किसका हाथ है और धमकी के पीछे क्या मंशा है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ई-मेल भेजने वाले तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

त्योहारों पर बाजारों में बढ़ी सतर्कता, अफवाहों पर सख्त नजर

दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here