चलती ट्रेन से लटक गई महिला, आरपीएफ प्रभारी ने जान पर खेलकर बचाई जान

0
13

मथुरा: मथुरा जंक्शन पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कलिंग उत्कल एक्सप्रेस में सवार होने की कोशिश कर रही एक महिला यात्री अचानक फिसल गई और कोच के गेट पर लटक गई। महिला को मौत के मुंह में जाता देख प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक उपदेश कुमार कौशिक ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

घटना दोपहर करीब 2:05 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक की है। ट्रेन संख्या 18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग पर रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक महिला यात्री एस-3 कोच में चढ़ने का प्रयास करने लगी। ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के साथ ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कोच के दरवाजे पर लटक गई। कुछ पल की चूक भी महिला की जान ले सकती थी। प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक उपदेश कुमार कौशिक की नजर जैसे ही महिला पर पड़ी, वह तत्काल उसकी मदद के लिए दौड़े और उसे पूरी ताकत से खींचकर सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर ले आए।

महिला को लटकता देख ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने भी सूझबूझ दिखाते हुए आपातकालीन चेन खींच दी, जिसके बाद ट्रेन रुक गई। गनीमत रही कि महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई। रेलवे कर्मियों की ओर से उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की पेशकश की गई, लेकिन महिला ने उपचार लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद यात्रियों के सुरक्षित तरीके से ट्रेन में सवार होने की पुष्टि कर ट्रेन को रवाना किया गया।

आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक की बहादुरी और तत्परता की स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के साथ रेलकर्मियों ने भी सराहना की। सहायक सुरक्षा आयुक्त एके वर्मा ने बताया कि आरपीएफ प्रभारी की त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच सकी। थोड़ी सी भी देरी बड़ा हादसा बन सकती थी। उन्होंने बताया कि महिला अपना नाम और पता बताए बिना ही ट्रेन में सवार होकर रवाना हो गई।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here