मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 110 के पास दिल्ली से छतरपुर जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस से ऊंची लपटें उठने लगीं। इससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद करीब 40 यात्रियों ने तुरंत नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
दिल्ली से छतरपुर जा रही थी खजुराहो ट्रैवल्स की बस
जानकारी के मुताबिक, खजुराहो ट्रैवल्स की प्राइवेट बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से यात्रियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी तो चालक जितेंद्र निवासी नौगांव, मध्य प्रदेश ने तत्काल बस रोक दी। यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर राहत की सांस ली।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की दमकल टीम मौके पर पहुंची। मांट टोल और मथुरा से दमकल की गाड़ियां भी बुलाई गईं। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि बस में रखा यात्रियों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस के देर से पहुंचने पर यात्रियों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद यात्रियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि घटना के कई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसको लेकर यात्रियों में काफी रोष देखने को मिला।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित
सीओ मांट अमरनाथ यादव ने बताया कि राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 110 के पास दिल्ली से छतरपुर जा रही बस में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर पेट्रोलिंग वाहन और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अन्य लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। मांट टोल और मथुरा से पहुंची दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में किसी की जान नहीं गई।
Reported By: Pankaj Rai











