नई दिल्ली: तेलंगाना के जयशंकर भूपालपल्ली जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक गांव के बाहर एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव पर चोटों के निशान देखकर साफ लग रहा था कि उसकी हत्या की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में जो बात सामने आई, उसने सबको हैरान कर दिया।
मृतक की पहचान गोलाबुड्डारम गांव के रहने वाले अजमीरा चंदू के रूप में हुई है। गांव के बाहरी इलाके में उसका शव पड़ा मिला। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। शव मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली, वहां तनाव का माहौल बन गया। लोग मौके पर जमा हो गए। भूपालपल्ली के डीएसपी संपत राव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। भूपालपल्ली और गणपुरम सर्किल के अधिकारी भी जांच के लिए वहां पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
अफेयर को लेकर हुआ था झगड़ा
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि चंदू की पत्नी पावनी का गांव के ही एक युवक दरावत संतोष के साथ प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर चंदू और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था। पुलिस को शक है कि इसी विवाद के बाद पत्नी और संतोष ने मिलकर चंदू को मौत के घाट उतार दिया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या चंदू के अपने घर में ही की गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।
बैलगाड़ी से ले गए शव
पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को बैलगाड़ी पर रखा गया और रात के अंधेरे में गांव के बाहर ले जाकर फेंक दिया गया। ताकि लोगों को लगे कि चंदू की मौत गांव के बाहर हुई है। लेकिन शव पर मिले निशान और हालात से पुलिस को पूरी वारदात पर शक हो गया। डीएसपी संपत राव ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पत्नी पावनी और संतोष की भूमिका सामने आ रही है। भूपालपल्ली के सर्किल इंस्पेक्टर इस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। पुलिस दोनों संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है। मामला दर्ज कर लिया गया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि हत्या किस हथियार से और किन परिस्थितियों में की गई। वारदात में और कोई शामिल था या नहीं, इसकी भी जांच हो रही है। गांव में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की पूरी कहानी साफ हो पाएगी।












