नई दिल्ली: नशे के खिलाफ जंग राष्ट्रीय एकता का संदेश और युवाओं के सुनहरे भविष्य का संकल्प लेकर गृह मंत्रालय ने देशव्यापी मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से जनजागरण की बड़ी पहल की है। नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से 21 से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस अभियान को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ की बुलंद थीम के साथ शुरू हुई यह रैली देशवासियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संदेश दे रही है। इस अभियान में रेलवे सुरक्षा बल के जवान अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों और राज्य पुलिस इकाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर भाग ले रहे हैं। विभिन्न सुरक्षा बलों के मोटरसाइकिल सवारों का यह संयुक्त दल केवल सड़कों पर सफर नहीं कर रहा, बल्कि नशे के विरुद्ध जनचेतना की मशाल भी लेकर आगे बढ़ रहा है।
जनसंपर्क और जागरूकता अभियान
रैली के 11 दिवसीय सफर के दौरान जयपुर, अजमेर और उदयपुर सहित प्रमुख क्षेत्रों से गुजरते हुए गुजरात के गांधीनगर की दिशा में जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान युवाओं और स्थानीय समुदायों से संवाद कर उन्हें मादक पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का समापन 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होगा, जहां रैली में शामिल सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य की रक्षा का संकल्प है। जब सुरक्षा बल और जनता एकजुट होंगे तभी नशामुक्त भारत का सपना साकार होगा।
Reported by: Pankaj Rai












