वीवीआईपी रूट पर तैनात थी खाकी, सड़क पर जिंदगी ने लगाई मदद की पुकार, सरकारी गाड़ी से पहुंचाया आरआर अस्पताल

0
10

नई दिल्ली: वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान दिल्ली पुलिस की खाकी ने एक बार फिर अपने मानवीय चेहरे की ऐसी तस्वीर पेश की जिसने पुलिस और जनता के बीच भरोसे की कहानी को और मजबूत कर दिया। सड़क हादसा हुआ एक महिला घायल होकर सड़क पर बेहोश पड़ी थी और आसपास अफरा-तफरी का माहौल था। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात टीआई कल्याणपुरी बिनय सिंह की नजर घायल महिला पर पड़ी। फिर जो हुआ वह कर्तव्य के साथ इंसानियत की मिसाल बन गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम से धौला कुआं की ओर जा रही कार संख्या आरजे-14 सीएम-7632 की महिला से टक्कर हो गई। हादसे में करीब 40 वर्षीय परमिला पत्नी नीरज डागर सड़क पर गिरकर बेहोश हो गईं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए टीआई बिनय सिंह ने किसी एंबुलेंस या अन्य सहायता का इंतजार करने के बजाय तत्काल अपनी सरकारी गाड़ी को घायल महिला की मदद के लिए लगाया।

 
 Image Courtesy/ Pankaj Rai
  Image Courtesy/ Pankaj Rai

वीवीआईपी ड्यूटी के बीच नहीं भूले इंसानी फर्ज

टीआई बिनय सिंह उस समय अपनी टीम के साथ निर्धारित वीवीआईपी रूट पर ड्यूटी संभाल रहे थे। उनके सामने एक तरफ वीवीआईपी सुरक्षा की जिम्मेदारी थी तो दूसरी तरफ सड़क पर जिंदगी और मौत से जूझ रही महिला। उन्होंने बिना समय गंवाए घायल परमिला को अपनी सरकारी गाड़ी से आर्मी आरआर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही परमिला को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने और तुरंत चिकित्सा सहायता मिलने से उनकी जान बचाने में मदद मिली।

मां को देखने अस्पताल आई थीं, खुद हादसे का शिकार हो गईं

परमिला मूल रूप से महिपालपुर, नई दिल्ली की रहने वाली हैं। बताया गया कि वह अपनी मां को देखने आरआर अस्पताल आई थीं, जहां उनकी मां कैंसर से जूझ रही हैं। मां का हाल जानने निकली बेटी खुद सड़क हादसे का शिकार हो गई। ऐसे मुश्किल वक्त में पुलिसकर्मियों ने परिवार के लिए मदद का हाथ बढ़ाया।घटना के बाद टीआई बिनय सिंह ने परमिला के भाई मोहित सहरावत से भी मुलाकात की और महिला को अस्पताल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया में सहयोग किया।

कैमरे में हर तस्वीर साफ नहीं, लेकिन खाकी की कोशिश साफ नजर आई

घटना से संबंधित उपलब्ध कैमरा फुटेज में पूरा घटनाक्रम स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड नहीं हो पाया लेकिन फुटेज में टीआई बिनय सिंह की सरकारी गाड़ी के मौके पर पहुंचने और घायल महिला को आरआर अस्पताल ले जाने की तस्वीर सामने आई है। इसके बावजूद पुलिस टीम ने अपनी ओर से हरसंभव प्रयास करते हुए घायल महिला को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। यह घटना सिर्फ एक सड़क हादसे की कहानी नहीं, बल्कि उस खाकी की तस्वीर है जो कठिन परिस्थितियों में भी इंसानी जिंदगी को सबसे ऊपर रखती है। वीवीआईपी ड्यूटी का दबाव अपनी जगह था, लेकिन घायल महिला की जिंदगी उस वक्त सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गई। टीआई बिनय सिंह और उनकी टीम की तत्परता ने यह संदेश दिया कि पुलिस की वर्दी सिर्फ कानून लागू करने के लिए नहीं बल्कि जरूरत पड़ने पर जिंदगी बचाने के लिए भी होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here