RRB Group D Exam 2026: 53 लाख उम्मीदवारों का इंतजार खत्म, रेलवे ग्रुप D का एडमिट कार्ड जारी

0
12
rrb group d cbt dates
rrb group d cbt dates

नई दिल्ली: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप डी भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिन उम्मीदवारों की परीक्षा 3 अगस्त 2026 को निर्धारित है, वे अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक आरआरबी वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं. इस भर्ती अभियान के तहत 22,195 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जबकि करीब 53 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है.

कब होगी परीक्षा?

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार RRB ग्रुप डी की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 3 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी. परीक्षा अलग-अलग चरणों में कराई जाएगी. परीक्षा शहर की जानकारी पहले ही उम्मीदवारों को उपलब्ध कराई जा चुकी है, जबकि एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से चार दिन पहले जारी किए जा रहे हैं.

ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

उम्मीदवार सबसे पहले RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और वहां CEN 09/2025 Group D Admit Card लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि या पासवर्ड दर्ज करें. यदि कैप्चा मांगा जाए तो उसे भरें और सबमिट करें. इसके बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें.

परीक्षा केंद्र पर इन बातों का रखें ध्यान

रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो मूल पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश दिए हैं. इनमें से एक वही पहचान पत्र होना चाहिए, जिसकी जानकारी आवेदन के समय दी गई थी. इसके अलावा आधार कार्ड UIDAI सिस्टम में अनलॉक होना चाहिए, ताकि सत्यापन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो.

चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न

इस भर्ती में चयन सीबीटी, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर होगा. CBT परीक्षा 90 मिनट की होगी, जिसमें कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रश्न सामान्य विज्ञान, गणित, रीजनिंग तथा सामान्य ज्ञान एवं करेंट अफेयर्स से होंगे.

नेगेटिव मार्किंग और पासिंग मार्क्स

परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे. सामान्य और EWS वर्ग के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक, जबकि OBC, SC और ST वर्ग के लिए 30 प्रतिशत अंक आवश्यक होंगे. सभी शिफ्टों के अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा और कुल रिक्तियों के तीन गुना उम्मीदवारों को PET के लिए बुलाया जाएगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here