ग्रेटर नोएडा: अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिल विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
छापेमारी में तीन आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल व पुर्जे बरामद
पुलिस के मुताबिक 23 अक्टूबर को नॉलेज पार्क-2 क्षेत्र में नाले के पास स्थित एक खंडहरनुमा पार्क में छापेमारी कर दीपक उर्फ अजय अनवर उर्फ सूरज और नसीब उर्फ अहमद को गिरफ्तार किया गया। बरामद 11 मोटरसाइकिलों में नौ सही हालत में मिलीं, जबकि दो के कटे हुए पुर्जे बरामद हुए। जांच में सामने आया कि आरोपी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी करते थे। इसके बाद इन्हीं वाहनों का इस्तेमाल राहगीरों के मोबाइल फोन चोरी करने और छीनने में किया जाता था। कुछ वारदातों के बाद मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे अनजान कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। बरामद दो मोटरसाइकिलों के संबंध में सूरजपुर थाना और दिल्ली के भालस्वा थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं।
मुकदमा दर्ज, आगे जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में थाना नॉलेज पार्क में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध पहले भी चोरी, आबकारी और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। नॉलेज पार्क थाना पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।












