नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ हुई मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में है. सोशल मीडिया पर सामने आए एक पॉडकास्ट क्लिप के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. इसी मामले में CJP के प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य लोग संसद मार्ग थाने पहुंचे हैं. निशु आजाद भी उनके साथ थाने पहुंची हैं.
दरअसल, वायरल पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर दावा किया कि संजय कुमार के सिर पर वार उसी ने किया था. उसने यह भी कहा कि राजनीतिक प्रभाव के कारण उसके खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई. क्लिप सामने आने के बाद CJP ने दिल्ली पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग तेज कर दी है.
गिरफ्तारी और गंभीर धाराओं की मांग
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उनके समर्थक के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट हुई थी और उनके सिर में चोट लगी थी. उनके मुताबिक, सौरव दास और पूरी टीम लगातार पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की मांग करती रही, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई.
रांका का कहना है कि अब घटना में शामिल बताए जा रहे लोग सार्वजनिक रूप से हमले की बात स्वीकार कर रहे हैं. इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने आरोप लगाया कि कपिल मिश्रा और बीजेपी कार्यकर्ताओं के राजनीतिक प्रभाव के कारण पुलिस ने मामले में कदम नहीं उठाया. हालांकि, ये आरोप संबंधित पक्षों की ओर से स्वतंत्र रूप से पुष्ट नहीं हैं.
CJP ने मांग की है कि जिन लोगों ने खुद को घटना में शामिल बताया है, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए. संगठन का कहना है कि मामले में हत्या के प्रयास समेत सभी जरूरी और गंभीर धाराएं लगाई जानी चाहिए. रांका ने कहा कि उनकी टीम शुरुआत से ही संजय कुमार के साथ खड़ी रही है और न्याय मिलने तक आवाज उठाती रहेगी.
कांग्रेस की लीगल टीम भी सक्रिय
मामले में कांग्रेस की कानूनी टीम भी निशु आजाद की मदद के लिए सामने आई है. बताया गया है कि राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कांग्रेस की लीगल टीम ने इस मामले में कार्रवाई शुरू की. अब पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपों पर उचित कानूनी कदम उठाने की मांग की जा रही है.












