नई दिल्ली: राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ अब जमीन के साथ आसमान से भी जंग छेड़ने की तैयारी है। सड़कों पर पानी का छिड़काव और धूल नियंत्रण के पारंपरिक उपायों के बीच पूर्वी जिले ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए एक अनूठी पहल की है। यहां प्रदूषण फैलाने वाली धूल पर लगाम लगाने के लिए ड्रोन के जरिए पानी का छिड़काव करने का प्रयोग किया गया। इस तकनीक से बड़े निर्माण स्थलों और धूल प्रभावित इलाकों में कम समय में प्रभावी ढंग से पानी पहुंचाने की नई उम्मीद जगी है।
प्रदूषण हॉटस्पॉट का निरीक्षण
21 नवंबर को वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए पूर्वी जिले के नोडल सचिव वी.के. बिधूड़ी ने अक्षरधाम क्षेत्र का दौरा किया। यह इलाका कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज प्रदूषण हॉटस्पॉट का हिस्सा है। उन्होंने मौके पर प्रदूषण नियंत्रण के लिए चल रहे कार्यों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।
रेलवे निर्माण स्थल पर मिली चुनौती
निरीक्षण के दौरान अक्षरधाम के धोबीघाट के पास रेलवे निर्माण कार्य का लंबा हिस्सा धूल उड़ने की समस्या के लिहाज से संवेदनशील पाया गया। निर्माण स्थल से उड़ने वाली धूल आसपास के वातावरण को प्रभावित कर सकती है। इसी चुनौती से निपटने के लिए ड्रोन तकनीक को आजमाने का निर्णय लिया गया।
ड्रोन से पानी की बौछार
मौके पर ड्रोन के माध्यम से पानी के छिड़काव का प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया। इस तकनीक में ड्रोन जमीन पर रखे पानी के टैंक से पानी लेकर उड़ान भरता है। इसकी खासियत यह है कि टैंक के दोनों ओर लगभग 100-100 मीटर तक पानी का छिड़काव किया जा सकता है। यानी एक बार में करीब 200 मीटर के क्षेत्र में पानी पहुंचाने की क्षमता का प्रदर्शन किया गया। इससे निर्माण स्थल के आसपास उड़ती धूल को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
कई विभागों ने मिलाया हाथ
इस पहल में नगर निगम, राजस्व विभाग, दिल्ली पुलिस, लोक निर्माण विभाग, दिल्ली मेट्रो रेल निगम और रेलवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए संयुक्त प्रयासों और समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।
तकनीक से स्वच्छ हवा की उम्मीद
यह प्रयोग राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यदि यह तरीका प्रभावी साबित होता है तो धूल प्रभावित निर्माण स्थलों और बड़े क्षेत्रों में इसका उपयोग किया जा सकता है।
Reported By: Pankaj Rai











