नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर दोस्ती का जाल बिछाकर भरोसा जीतने और फिर लाखों रुपये की चपत लगाने वाले साइबर ठग का द्वारका जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। टिंडर ऐप पर महिला से दोस्ती कर उसे अपने विश्वास में लेने के बाद कथित तौर पर 6.55 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को साइबर थाना पुलिस ने पंजाब के अबोहर से गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए लगातार अलग-अलग सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था, लेकिन पुलिस की तकनीकी निगरानी के आगे उसकी चालाकी नहीं चल सकी।
दोस्ती के बहाने बिछाया ठगी का जाल
द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपुल पवार (30) निवासी सिद्धू नगर अबोहर जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है। मामला तब सामने आया जब पीड़िता महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि टिंडर ऐप के माध्यम से एक युवक ने उससे दोस्ती की और धीरे-धीरे विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे अपने झांसे में लेकर अलग-अलग माध्यमों से करीब 6 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। इस संबंध में साइबर थाना द्वारका में 20 मार्च 2026 को एफआईआर संख्या 132/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319 और 340 में मामला दर्ज किया गया था।
सिम कार्ड बदलता रहा, पुलिस ने दबोचा
जांच के दौरान पुलिस टीम ने लाभार्थी बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की। कई मोबाइल नंबरों और सिम कार्ड के इस्तेमाल से आरोपी पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी सुरागों के आधार पर उसकी लोकेशन पंजाब के अबोहर में मिली। इसके बाद विशेष टीम ने वहां पहुंचकर निगरानी और समन्वित कार्रवाई के जरिए आरोपी को दबोच लिया।
जयपुर में भी दर्ज है पुराना मामला
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी राजस्थान के जयपुर में साइबर अपराध के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अब इन उपकरणों की जांच कर डिजिटल और वित्तीय लेनदेन की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने अन्य महिलाओं को भी इसी तरीके से अपना शिकार बनाया है या नहीं।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह और एडीसीपी-1 विकास मीणा के निर्देशन में पूरी कार्रवाई की गई। एसीपी ऑपरेशंस और साइबर थाना प्रभारी की निगरानी में गठित टीम में एसआई कैलाश, हेड कांस्टेबल करनाल और हेड कांस्टेबल दिनेश शामिल रहे। टीम ने पंजाब जाकर आरोपी को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस की आगे की जांच जारी है
सावधान! ऑनलाइन दोस्ती में भरोसा करने से पहले पहचान परखें, वरना मुस्कान के पीछे छिपा ठगी का जाल आपकी मेहनत की कमाई लूट सकता है।
Reported By: Pankaj Rai












