नई दिल्ली: देश में टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रहे बच्चों की बढ़ती संख्या स्वास्थ्य व्यवस्था और परिवारों के सामने बड़ी चुनौती बन रही है। भारत में 20 वर्ष से कम उम्र के करीब 3.01 लाख बच्चे इस बीमारी के साथ जीवन जी रहे हैं। दुनिया में टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चों और किशोरों की सबसे बड़ी संख्या भारत में बताई गई है।
इसी चुनौती को देखते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली और स्वास्थ्य संबंधी सूचना प्रसार एवं युवा सशक्तीकरण संस्था (हृदय) ने जागरूकता की पहल की है। विश्व मधुमेह माह के अवसर पर 23 नवंबर को एम्स के जवाहरलाल नेहरू सभागार में ‘निदान से आगे: घर, स्कूल और समुदाय में टाइप-1 डायबिटीज के साथ बेहतर जीवन’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बीमारी नहीं बनेगी बच्चों के सपनों की बाधा
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज का प्रबंधन केवल बीमारी की पहचान और उपचार तक सीमित नहीं होना चाहिए। बच्चों को आत्मविश्वास, सम्मान और सुरक्षा के साथ सामान्य जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए। सही समय पर पहचान, नियमित इंसुलिन, रक्त शर्करा की निगरानी, संतुलित खानपान और शारीरिक गतिविधियों से बच्चे स्वस्थ और सक्रिय जीवन जी सकते हैं।
चार संकेतों से होगी बीमारी की शुरुआती पहचान
कार्यक्रम का अहम पहलू राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) 2.0 के वर्ष 2026 के संचालन दिशा-निर्देशों में टाइप-1 डायबिटीज की शुरुआती पहचान को शामिल किया जाना रहा। इसके तहत बीमारी के चार प्रमुख चेतावनी संकेतों को ‘चार टी’ के नाम से समझाया गया।
इनमें शामिल हैं:
- Toilet: बार-बार पेशाब आना।
- Thirsty: अत्यधिक प्यास लगना।
- Tired: लगातार थकान महसूस होना।
- Thinner: बिना कारण वजन कम होना।
विशेषज्ञों के अनुसार, इन लक्षणों की पहचान होने पर मौके पर ही रक्त शर्करा की जांच और बच्चे को जिला अस्पताल के गैर-संचारी रोग क्लीनिक में भेजने की व्यवस्था पर जोर दिया गया है। समय रहते इन संकेतों को पहचानने से गंभीर जटिलताओं से बचाव में मदद मिल सकती है।
इंसुलिन और नियमित जांच से जी सकते हैं सामान्य जीवन
एम्स के निदेशक एवं एंडोक्राइनोलॉजी तथा मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रमुख प्रो. निखिल टंडन ने कहा कि बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज का समय पर निदान बेहद जरूरी है। बीमारी के प्रति जागरूकता परिवारों, स्कूलों और समुदायों तक पहुंचनी चाहिए, ताकि बच्चों को उचित उपचार और सहयोग मिल सके।
उन्होंने बताया कि इंसुलिन प्रबंधन, नियमित रक्त शर्करा जांच, पौष्टिक भोजन और शारीरिक गतिविधियां रोजमर्रा की देखभाल का अहम हिस्सा हैं। उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से बच्चे सक्रिय और खुशहाल जीवन जी सकते हैं।
गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाने की तैयारी
हृदय की कार्यकारी निदेशक प्रो. मोनिका अरोड़ा ने कहा कि आज की जीवनशैली का भविष्य के स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ता है। कम शारीरिक गतिविधि, असंतुलित खानपान, अपर्याप्त नींद और बढ़ता तनाव स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जहां इंसुलिन लेना और स्वास्थ्य की निगरानी करना उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का सहज हिस्सा बन सके। संस्था स्कूलों, परिवारों, स्वास्थ्य सेवाओं और समुदायों के साथ मिलकर जागरूकता बढ़ाने और बीमारी से जुड़ी गलत धारणाओं तथा भेदभाव को दूर करने का प्रयास कर रही है।
14 से बढ़कर 250 हुए जागरूकता दूत
कार्यक्रम में हृदय और बियॉन्ड टाइप-1 के सहयोग से चल रही ‘ग्रासरूट्स टू ग्लोबल इंडिया पहल’ की उपलब्धियां भी साझा की गईं। अभियान के पहले चरण में 14 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई, जबकि दूसरे चरण में अब तक करीब दो लाख लोगों को जागरूक किया जा चुका है।
टाइप-1 डायबिटीज के साथ जीवन जी रहे लोगों को जागरूकता दूत के रूप में तैयार किया गया है। इनकी संख्या 14 से बढ़कर 250 से अधिक हो गई है। एक राष्ट्रीय और पांच क्षेत्रीय समन्वयक इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। जागरूकता दूतों को नेतृत्व, संवाद, अनुभव साझा करने और सामुदायिक भागीदारी का प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा देशभर में 25 विशेष मधुमेह क्लीनिकों की पहचान की गई है और हिंदी, मराठी तथा तमिल भाषाओं में जागरूकता सामग्री तैयार की गई है।
स्कूलों में बच्चों को मिलेगा सुरक्षित माहौल
विशेषज्ञों ने स्कूलों में ऐसा वातावरण तैयार करने पर जोर दिया, जहां बच्चे बिना किसी डर या भेदभाव के इंसुलिन ले सकें, रक्त शर्करा की जांच कर सकें और खेलकूद में हिस्सा ले सकें। इसके लिए अभिभावकों और शिक्षकों को बीमारी के लक्षणों, आपात स्थितियों और नियमित देखभाल की जानकारी देना जरूरी बताया गया। कार्यक्रम में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सामाजिक स्वीकार्यता पर भी चर्चा हुई।
पोस्टर प्रतियोगिता के 12 विजेताओं का सम्मान
राष्ट्रीय कार्यक्रम में मिथक बनाम तथ्य पर संवाद, योग सत्र, प्रदर्शनी, स्वास्थ्य जांच और परामर्श जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। विश्व मधुमेह दिवस 2026 की पोस्टर प्रतियोगिता में देशभर से 170 से अधिक प्रविष्टियां मिलीं। इनमें से चुने गए 12 विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के पोस्टरों का संकलन भी जारी किया गया।
स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की उप आयुक्त और बाल स्वास्थ्य एवं आरबीएसके प्रभारी डॉ. शोभना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ एम्स के प्रो. निखिल टंडन, हृदय की प्रो. मोनिका अरोड़ा, टाइप-1 डायबिटीज जागरूकता दूत अमृता रुपाणी, अभिभावक सैम गुलाटी, मद्रास डायबिटीज रिसर्च फाउंडेशन की डॉ. अमुथा आनंदकुमार और डॉ. लक्ष्मी कार्तिकेयन, हृदय की डॉ. मानसी चोपड़ा तथा योग ध्यान फाउंडेशन के डॉ. अनिल कुमार वेदवाल ने भी अपने विचार रखे।
विशेषज्ञों का संदेश रहा कि टाइप-1 डायबिटीज बच्चों के जीवन और सपनों का अंत नहीं है। सही उपचार, नियमित देखभाल और परिवार, स्कूल तथा समाज के सहयोग से प्रभावित बच्चे भी बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं।
Reported By: Pankaj Rai












