पुलिस की गोली से खुला लूट-चोरी का राज, बदमाश लंगड़ा कर पहुंचा सलाखों के पार; मुठभेड़ में लोकेश के पैर में लगी गोली

0
5

ग्रेटर नोएडा: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दादरी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को दबोच लिया। बोड़ाकी कट के पास चेकिंग के दौरान शुरू हुई पुलिस और बदमाशों की आंख-मिचौली फोरमी कंपनी गोल चक्कर के पास गोलियों की तड़तड़ाहट में बदल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश लोकेश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी तथा राहगीरों से छीने गए नौ मोबाइल फोन, चोरी की पांच मोटरसाइकिल और सफेद धातु के दो सिक्के बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक थाना दादरी पुलिस की टीम बोड़ाकी कट के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों रुकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो फोरमी कंपनी गोल चक्कर के पास उनकी मोटरसाइकिल झाड़ियों में फंस गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान लोकेश पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम खवासपुर, थाना चोला, जिला बुलंदशहर, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई। उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा बैग से नौ चोरी और छीने गए मोबाइल फोन तथा सफेद धातु के दो सिक्के मिले।

स्नैचिंग से लेकर मकान में चोरी तक कनेक्शन

पूछताछ में सामने आया कि लोकेश अपने साथी देव के साथ मिलकर ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग इलाकों में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनता था। बरामद मोटरसाइकिल बुलंदशहर के सरकारी अस्पताल के सामने पठान वाली मस्जिद के गेट से चोरी की गई थी। इस संबंध में कोतवाली सिटी में मुकदमा संख्या 1217/2025 दर्ज है। वहीं, अगस्त महीने में लोकेश ने अपने साथी आकाश के साथ सेक्टर जू-3 के ए ब्लॉक स्थित बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण और अन्य सामान चोरी किया था। बरामद दो सिक्के इसी घटना से जुड़े बताए गए हैं।

चार और बाइकों का खुला राज

लोकेश की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। इस तरह कुल पांच मोटरसाइकिल पुलिस के कब्जे में आई हैं। बरामद बाइकों से जुड़े अन्य मामलों की जांच की जा रही है। फरार साथी की तलाश में पुलिस की टीमें कांबिंग कर रही हैं।

तीन मुकदमों में दर्ज है नाम

पुलिस के अनुसार, लोकेश के खिलाफ दादरी थाने में चोरी और आपराधिक संपत्ति से जुड़े मामले सहित कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना दादरी का मुकदमा संख्या 404/26, कोतवाली सिटी बुलंदशहर का मुकदमा संख्या 1217/2025 और थाना चोला बुलंदशहर का मुकदमा संख्या 179/2026 शामिल है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक संपर्कों और वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here