हर पात्र बनेगा मतदाता, लोकतंत्र होगा और मजबूत; गौतमबुद्धनगर में मतदाता पंजीकरण अभियान तेज करने लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी का सख्त निर्देश

0
17

गौतमबुद्धनगर: लोकतंत्र की ताकत जनता के वोट में है और हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना उसकी पहली शर्त है। इसी संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गौतमबुद्धनगर में मतदाता पंजीकरण अभियान को नई रफ्तार देने के लिए अधिकारियों को मैदान में उतरने का निर्देश दिया। साफ संदेश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

सेक्टर-27 नोएडा स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। 17 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 17 से 22 नवंबर तक चले छह दिवसीय विशेष अभियान में प्राप्त प्रपत्र-6, 6ए, 7 और 8 की प्रगति का आकलन किया गया। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर में नए मतदाताओं को जोड़ने की अपार संभावनाएं हैं। गाजियाबाद की तर्ज पर यहां भी विशेष प्रयास कर अधिकाधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण कराया जाए।

आवेदन अटका तो जवाबदेही तय

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ऑनलाइन आवेदन के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के लॉगिन पर एक दिन से अधिक आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। ऑनलाइन प्रपत्र-6 प्राप्त होते ही उसी दिन संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी को आवंटित किया जाए। अधिकारी अपने क्षेत्र के सेक्टर, आवासीय सोसायटी और मतदान केंद्रों की पूरी जानकारी रखें, ताकि सही बूथ की पहचान कर आवेदन तत्काल भेजा जा सके। बूथ स्तरीय अधिकारी मौके पर सत्यापन कर रिपोर्ट दें और जांच के बाद आवेदन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तक पहुंचे।

युवा और महिलाओं पर विशेष नजर

अभियान में 18 और 19 वर्ष के युवाओं तथा पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों और महाविद्यालयों में निर्वाचक साक्षरता क्लबों को सक्रिय करने के साथ विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं को जोड़ने के लिए आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायक नर्स दाइयों और सखी समूहों का सहयोग लिया जाएगा, ताकि पात्र महिलाओं को आवेदन भरने के लिए जागरूक किया जा सके।

बीएलओ बनेंगे अभियान की मजबूत कड़ी

नवदीप रिणवा ने कहा कि बूथ स्तरीय अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को पर्याप्त प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया जाए। मोबाइल ऐप के माध्यम से वे अपने क्षेत्र के पात्र नागरिकों तक आसानी से पहुंच सकते हैं। अन्य विभागीय जिम्मेदारियों के बावजूद बेहतर तालमेल और टीम भावना से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 16 दिसंबर तक केवल 23 दिन शेष हैं। यह समय नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह सहित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here