नई दिल्ली: साइबर अपराधियों की ठगी से हासिल रकम को बैंक खातों के जरिए इधर-उधर करने वाले नेटवर्क पर द्वारका जिला पुलिस ने कार्रवाई की है। साइबर थाना और उत्तम नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहन गार्डन में चल रहे कथित म्यूल बैंक खातों के रैकेट का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम को बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर करने में मदद करता था।
9 मोबाइल और 12 एटीएम कार्ड समेत सामान बरामद
द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, 12 बैंक क्यूआर कोड, 5 चेकबुक, 8 पीओएस मशीनें और 9 बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। ठगी की रकम इन खातों में आने के बाद उसका कुछ हिस्सा नकद निकाल लिया जाता था, जबकि बाकी रकम दूसरे खातों में भेज दी जाती थी। इसके बदले खाताधारकों को हर महीने भुगतान किया जाता था।
दो बैंक खातों से जुड़ी मिलीं साइबर शिकायतें
पुलिस जांच के दौरान अश्वनी कुमार भट्ट के सेंट्रल बैंक खाते से जुड़ी पांच साइबर शिकायतों में करीब 30 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला। वहीं, नवीन कुमार के नाम पर एचडीएफसी बैंक खाते का संबंध महाराष्ट्र और तमिलनाडु में दर्ज साइबर शिकायतों से मिला।
इस मामले में उत्तम नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
चार आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन, अनिल, अंकित और अश्वनी कुमार भट्ट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नवीन और अश्वनी कथित म्यूल खाताधारक थे, जबकि अनिल तकनीकी सहयोगी और अंकित तकनीकी सहायक की भूमिका निभा रहा था।
डीसीपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देशन में की गई। एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक के मार्गदर्शन और साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप तुशीर तथा उत्तम नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास राणा की निगरानी में संयुक्त टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
टीम में एसआई किशन चंद, हेड कांस्टेबल विकास, एसआई कैलाश, हेड कांस्टेबल प्रवीण, करनैल और जोगिंदर शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Reported By: Pankaj Rai











