स्कूल-कॉलेजों में स्वच्छता का महाअभियान, एमसीडी ने झोंकी पूरी ताकत

0
7

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए दिल्ली नगर निगम ने सफाई का मोर्चा खोल दिया है। छह दिवसीय विशेष गहन सफाई अभियान के पांचवें दिन एमसीडी की टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों अस्पतालों और सरकारी संस्थानों को निशाने पर रखते हुए व्यापक सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत संस्थानों के आसपास की सड़कों, फुटपाथों, हरित पट्टियों और केंद्रीय मार्ग विभाजकों की सफाई की गई।

दक्षिणी दिल्ली में 35 किलोमीटर सड़कों की सफाई

दक्षिण क्षेत्र में करीब 250 सफाईकर्मियों ने 23 कूड़ा उठाने वाले वाहनों और 11 पानी के टैंकरों के साथ मोर्चा संभाला। करीब 35 किलोमीटर सड़कों की सफाई कर 8 मीट्रिक टन धूल और 3 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया। इतनी ही दूरी तक सड़कों की धुलाई भी की गई।

विश्वविद्यालयों और कौशल केंद्रों तक पहुंचा अभियान

पूर्वी क्षेत्र में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय और विश्वास नगर में अभियान चला। उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में विवेक विहार स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं विश्वस्तरीय कौशल केंद्र के सामने विद्यार्थियों ने भी श्रमदान किया। प्रमुख सड़कों पर 2,235 सफाईकर्मियों के साथ तीन आधुनिक सड़क सफाई मशीनें, चार छिड़काव मशीनें, 16 कूड़ा उठाने वाले वाहन और 12 विद्युत रिक्शे तैनात किए गए।

कई इलाकों में निरीक्षण, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

रोहिणी में जेआईएमएस कॉलेज के आसपास सफाई हुई, जबकि द्वारका में गंदगी वाले संवेदनशील स्थानों, खुले मैदानों और कूड़ा स्थानांतरण केंद्रों का निरीक्षण किया गया। पुरानी दिल्ली में डीडीयू मार्ग और इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में भी सफाई व्यवस्था परखी गई। एमसीडी ने स्पष्ट किया कि सफाई में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। निगम ने विद्यार्थियों, संस्थानों और नागरिकों से स्वच्छता अभियान में भागीदारी की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here