नई दिल्ली: राजधानी में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की तलाश में दिल्ली पुलिस ने निगरानी का शिकंजा कस दिया है। मध्य जिला पुलिस के विदेशी प्रकोष्ठ और विशेष स्टाफ की टीम ने विशेष सत्यापन अभियान चलाकर दो बांग्लादेशी नागरिकों को वीजा नियमों के उल्लंघन के आरोप में पकड़ लिया। दोनों निर्धारित 15 दिनों की अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया, जहां से प्रतिबंध आदेश जारी होने के बाद उन्हें निर्वासन की प्रक्रिया पूरी होने तक सेवा धाम स्थित निरोध केंद्र भेज दिया गया।
आरोपियों की पहचान
मध्य जिला डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान बांग्लादेश निवासी अमजद हुसैन (28) और जसीम मोल्ला (22) के रूप में हुई है। दोनों दोहरी प्रवेश वाले वीजा पर भारत आए थे, जिसकी प्रत्येक यात्रा में अधिकतम 15 दिन रुकने की अनुमति थी। जांच में दोनों निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में ठहरे मिले।
होटल में पहचान और जांच
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों और वीजा की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में 13 नवंबर को अराकाशन रोड
स्थित ओएसिस डीलक्स होटल में दोनों की पहचान हुई। दस्तावेजों की जांच में वीजा शर्तों के उल्लंघन का खुलासा हुआ।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप यादव, प्रभारी विशेष स्टाफ के नेतृत्व में हुई। टीम में उपनिरीक्षक राकेश और हेड कांस्टेबल नरेंद्र शामिल रहे। अभियान एसीपी ऑपरेशंस, मध्य जिला की निगरानी में चलाया गया। पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि वीजा और आव्रजन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Reported By: Pankaj Rai












