रोहिणी में सट्टेबाजों के अड्डे पर पुलिस का छापा, चार गिरफ्तार

0
6

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अवैध जुए और सट्टेबाजी के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रोहिणी जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रोहिणी सेक्टर-20 में छापेमारी कर कथित तौर पर सट्टा चला रहे और खेल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 25,920 रुपये नकद के अलावा ताश के पत्ते और सट्टा खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

गुप्त सूचना पर मध्यरात्रि में छापेमारी 

रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि यह कार्रवाई 30 और 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि को की गई। एएटीएस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-20 रोहिणी स्थित एक परिसर में कुछ लोग ताश के पत्तों के जरिए सट्टा खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल छापेमारी की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां चार लोग कथित रूप से नकदी और ताश के पत्तों के साथ जुआ खेलते मिले। पुलिस ने चारों को मौके पर ही दबोच लिया।

नकदी व सामग्री जब्त, FIR दर्ज  

छापेमारी के दौरान 25,920 रुपये नकद, ताश के पत्ते और सट्टे का हिसाब रखने वाला चार्ट जब्त किया गया। इस मामले में थाना अमन विहार में 31 अक्टूबर को प्राथमिकी संख्या 508/2026 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ दिल्ली सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1955 की धारा 3/4/9 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

टीम का नेतृत्व और पुलिस का संदेश  

यह कार्रवाई एएटीएस प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व और सहायक पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन) अजमेर सिंह की निगरानी में की गई। छापेमारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लाल सिंह, उपनिरीक्षक विजय, हेड कांस्टेबल राजेंद्र, वीरेंद्र, अंकुश और कांस्टेबल सलेश शामिल रहे। पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here