3,500 के विवाद में खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र गिरफ्तार

0
7

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में महज 3500 रुपये के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। हर्ष विहार इलाके में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान एक एमसीडी कर्मचारी पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों को प्राथमिकी दर्ज होने के महज दो घंटे के भीतर दबोच लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

गुल्लू के मंदिर के पास हुआ हमला

उत्तर-पूर्वी जिला डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 18 अक्टूबर को शाम करीब पांच बजे सबोली खड्डा गली नंबर-1 भाग-दो स्थित गुल्लू के मंदिर के पास मारपीट और धारदार हथियार से हमले की सूचना मिली। हर्ष विहार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को उसका दोस्त उपचार के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जा चुका था। घायल की पहचान 34 वर्षीय आशीष के रूप में हुई जो एमसीडी कर्मचारी है।

घायल ने पुलिस को बताया कि वह अपने सहकर्मी सोनू सागर के साथ बैठा था। इसी दौरान प्रताप सिंह से जुड़े पैसों के विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रताप सिंह का 26 वर्षीय बेटा आशीष और उसका एक पोता भी वहां पहुंच गया। इसी बीच घायल पर धारदार हथियार से हमला किया गया और आरोपित मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी और खुफिया जानकारी से खुला मामला

पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी संख्या 320/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी निरीक्षक तेज दत्त गौड़ के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दीपांशु, सहायक उपनिरीक्षक आशीष तथा हेड कांस्टेबल रोहित, अंकित, राहुल मलिक और शरद की टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त नंद नगरी गौरव कुमार त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में टीम ने सीसीटीवी फुटेज स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

नौकरी दिलाने के नाम पर दिए थे रुपये

जांच में सामने आया कि विवाद की जड़ 3,500 रुपये थे। पुलिस के अनुसार प्रताप सिंह ने अपने बेटे राहुल को एमसीडी में नौकरी दिलाने के सिलसिले में सोनू सागर को कथित तौर पर यह रकम दी थी। प्रताप सिंह को संदेह था कि सोनू ने रुपये अपने पास रख लिए हैं। रकम वापस मांगने को लेकर विवाद बढ़ गया और मामला हमले तक पहुंच गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 54 वर्षीय प्रताप सिंह और उसके 26 वर्षीय बेटे आशीष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल के नेतृत्व में पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Reported by: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here