छठ महापर्व पर ट्रैफिक का चक्रव्यूह तैयार, सड़कों पर पुलिस का पहरा

0
16

नई दिल्ली: लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजधानी दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं। यमुना के घाटों से लेकर विभिन्न तालाबों तक श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था का मोर्चा संभाल लिया है। 15 और 16 नवंबर को पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले के विभिन्न छठ घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष यातायात योजना तैयार की गई है। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसी कड़ी में शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी श्मशान घाट के आसपास यातायात व्यवस्था का जायजा लेने पूर्वी रेंज की यातायात पुलिस उपायुक्त श्वेता सिंह चौहान स्वयं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त और यातायात निरीक्षक सहित यातायात पुलिस की टीम मौजूद रही।

सड़कों पर उतरी पुलिस की टीम

निरीक्षण के दौरान यातायात उपायुक्त श्वेता सिंह चौहान ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। श्रद्धालुओं को घाटों तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए कई स्थानों पर यातायात का मार्ग परिवर्तन किया गया है। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे पूजा के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं दोनों को कम से कम परेशानी हो।

इन रास्तों से पहुंचेंगे श्रद्धालु

यातायात पुलिस के अनुसार, श्रद्धालु गांधीनगर श्मशान घाट पुश्ता रोड और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, नानकसर टी-प्वाइंट से खजूरी चौक, आरटीसी पुश्ता रोड और सभापुर गांव होते हुए सोनिया विहार चौहान पट्टी तक पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है।स्थानीय निवासियों को आवागमन के लिए सड़क संख्या-66 का उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि छठ घाटों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय यातायात के बीच अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा न हो।

आस्था के महापर्व पर सुरक्षा का पहरा

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। अनावश्यक रूप से घाटों के आसपास वाहन ले जाने से बचें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के दिशा-निर्देशों का पालन करें। छठ पूजा के दौरान अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचेंगे। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का लक्ष्य है कि आस्था के इस महापर्व पर न श्रद्धालुओं के कदम रुकें और न ही राजधानी की रफ्तार थमे।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here