नई दिल्ली: राजधानी में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर मैदान में उतरकर अपनी सक्रियता का संदेश दिया। उत्तर-पश्चिम जिला डीसीपी आकांक्षा यादव की निगरानी में पुलिस की महिला जवानों ने पार्कों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों के बीच पहुंचकर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने केवल कानून-व्यवस्था की निगरानी ही नहीं की, बल्कि आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी भी तैयार की।
बच्चों को सिखाए सुरक्षित रहने के तरीके
पार्कों में पहुंची महिला पुलिस की टीम ने वहां मौजूद बच्चों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षित रहने के जरूरी तौर-तरीकों के बारे में समझाया। बच्चों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से सतर्क रहें और किसी परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने परिजनों अथवा पुलिस को दें। महिला पुलिसकर्मियों ने स्थानीय निवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जागरूकता का संदेश दिया।
सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ाई पुलिस की निगरानी
इस पैदल गश्त का मकसद साफ था—पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना। महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय मौजूदगी से यह संदेश भी दिया गया कि दिल्ली पुलिस नागरिकों की सुरक्षा को लेकर केवल शिकायत का इंतजार नहीं करती, बल्कि खुद लोगों के बीच पहुंचकर सुरक्षा का माहौल तैयार करने में जुटी है।
जनसहभागिता से मजबूत होगी सामुदायिक पुलिसिंग
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की इस पहल में महिला जवानों ने संवाद, सतर्कता और जनसहभागिता को सुरक्षा का हथियार बनाया। पुलिस का यह प्रयास सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Reported By: Pankaj Rai












