नकली नंबर प्लेट, फर्जी पहचान और लाखों की चोरी का खेल बेनकाब

0
13

नोएडा: बंद मकान, सूनी गलियां और बारिश की आड़… नकली नंबर प्लेट लगी कार और चेहरे पर मास्क पहनकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। नोएडा के सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए थाना सेक्टर-49 पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद, करीब 32 लाख रुपये कीमत का अन्य सामान, वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट और चोरी के औजार बरामद किए हैं। इसके अलावा एक आरोपी के बैंक खाते में घटना से संबंधित पांच लाख रुपये भी फ्रीज कराए गए हैं।

400 कैमरे खंगाले, चार हजार मोबाइल नंबरों की पड़ताल

नोएडा पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान डीसीपी प्रीति यादव ने बताया कि 13 अक्टूबर को द क्रिसेंट अपार्टमेंट के दो फ्लैटों में चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चार विशेष टीमों का गठन किया। जांच टीमों ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घटनास्थल के आसपास सक्रिय करीब चार हजार मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया। हाईवे और जनपद की सीमाओं पर लगे कैमरों की भी जांच की गई। आखिरकार मैनुअल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से 19 नवंबर को मेघदूतम पार्क, सेक्टर-50 के सामने तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

बारिश की आड़ में दी थी वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ बंद मकानों और फ्लैटों की रेकी करते थे। 11 और 12 अक्टूबर की मध्यरात्रि नकली नंबर प्लेट लगी वैगनआर से नोएडा पहुंचे। सोसायटी के बाहर कार खड़ी कर आरोपी दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी लगाकर उन्होंने दो बंद फ्लैटों के ताले तोड़े और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान वे आसपास के फ्लैटों की बाहर से कुंडी लगा देते थे, ताकि कोई बाहर निकलकर उन्हें पकड़ न सके।

कार, औजार और लाखों का माल बरामद

पुलिस ने एक सोने का बिस्कुट (100 ग्राम), सोने का हार, दो सोने की बालियां, सोने का कंगन, एक लाख रुपये नकद, घड़ी और करीब 1.9 किलोग्राम वजन की सफेद धातु की सिल्ली बरामद की है। साथ ही कटर, पेचकस, प्लास, छैनी, तीन टोपी, तीन जोड़ी दस्ताने और तीन मास्क भी मिले हैं।

तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र उर्फ सोनू (35), सन्नी उर्फ सोनू (39) और जितेंद्र मौर्य उर्फ मुन्ना (31) के रूप में हुई है। तीनों दिल्ली और उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र के खिलाफ हत्या, लूट और शस्त्र अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। सन्नी और वीरेंद्र का भी दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों का इतिहास सामने आया है। डीसीपी नोएडा प्रीति यादव ने बताया कि आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरोह के फरार साथी की भूमिका और चोरी के माल के अन्य ठिकानों की भी जांच की जा रही है। यह कार्रवाई एडिशनल डीसीपी अभय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एसीपी और थाना सेक्टर- 49 पुलिस की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस टीम की सतर्कता तकनीक और लगातार मेहनत से चोरी की इस वारदात का सफल खुलासा हुआ।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here