गुरु नानक के प्रकाश से जगमगाई दिल्ली, प्रेम और भाईचारे से रोशन होगा समाज

0
4

नई दिल्ली: सत्य, सेवा, समानता और मानवता का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को राजधानी श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब पहुंचीं और गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने अरदास कर दिल्ली सहित समस्त देशवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का जीवन और दर्शन संपूर्ण मानवता के लिए प्रकाश स्तंभ है। उन्होंने समाज को उस दौर में सत्य, प्रेम, समानता और मानव सेवा का रास्ता दिखाया, जब जाति-पाति, भेदभाव और सामाजिक कुरीतियां गहरी जड़ें जमाए हुए थीं। गुरु साहिब ने एक ईश्वर और समस्त मानव जाति की समानता का संदेश देकर इंसानियत को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित वर्षव्यापी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले वर्ष नवंबर में लाल किले से इन आयोजनों का शुभारंभ हुआ था। अब 12, 13 और 14 दिसंबर को लाल किले में भव्य कार्यक्रमों के साथ इनका समापन होगा। उन्होंने गुरु संगत, साध संगत और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, विधायक अशोक गोयल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा राजनीतिक साझेदारी स्थापित होने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का पुराना जुड़ाव पंजाब की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक पहचान और विकास को नई मजबूती देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गठबंधन राज्य में राजनीतिक स्थिरता, खुशहाली और प्रगति का नया अध्याय लिखेगा।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here