23वीं मंजिल से मौत की छलांग! पूजा के फूल तोड़ने गए पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

0
11

ग्रेटर नोएडा: किसे पता था कि जिस सुबह की शुरुआत भगवान के दर्शन और पूजा की तैयारी से होनी थी वही एक परिवार के जीवन की सबसे काली सुबह बन जाएगी। पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए पिता और उनका मासूम बेटा कुछ ही पलों में मौत के आगोश में समा जाएंगे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार सुबह हुए इस हृदयविदारक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

जानकारी के मुताबिक बिसरख थाना क्षेत्र के गौर सिटी-2 स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टावर-23 में शुक्रवार 30 अक्टूबर को सुबह करीब 4:20 बजे यह दर्दनाक घटना हुई। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव पात्रा के रूप में हुई है।

Image Courtesy/ Pankaj Rai
Image Courtesy/ Pankaj Rai

दोनों 23वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पूजा के फूल तोड़ते समय हुआ हादसा

पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सोसाइटी में दो लोग ऊंचाई से गिर गए हैं। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, परिवार को सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए जाना था। इसके साथ ही संपत्ति की रजिस्ट्री का काम भी प्रस्तावित था। घर से निकलने से पहले पूजा की तैयारी के लिए रणदीप अपने बेटे के साथ बालकनी में फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान कथित तौर पर पैर फिसलने से दोनों नीचे गिर गए। कुछ जानकारियों में बेटे को बचाने के प्रयास में पिता का संतुलन बिगड़ने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद सोसाइटी में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी संभावित परिस्थितियों और पहलुओं की जांच की जा रही है। एक पल की घटना ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, पीछे छोड़ गईं कभी न भरने वाली यादें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here