नरेला पुलिस ने दो झपटमारी की वारदातों का किया खुलासा, नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली: राजधानी में मोबाइल झपटमारों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। नरेला इलाके में लगातार हो रही मोबाइल झपटमारी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए थाना नरेला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से झपटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

सीसीटीवी फुटेज से खुलने लगी अपराधियों की कहानी

इलाके में मोबाइल झपटमारी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए थाना नरेला की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई गई और संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान की गई। लगातार निगरानी, तकनीकी जांच और जमीनी स्तर पर की गई कार्रवाई के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

रात की गश्त में पुलिस के हत्थे चढ़े तीनों

बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि रात में गश्त के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में तीनों को पकड़ा गया। पूछताछ और सत्यापन के बाद नरेला थाने में दर्ज झपटमारी के दो मामलों का खुलासा हुआ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशल उर्फ चिनू (19) निवासी स्वतंत्र नगर दिल्ली और अताउर रहमान (19) निवासी नरेला के रूप में हुई है। इनके साथ 16 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार कुशल पहले नरेला थाने के दो चोरी के मामलों में शामिल रहा है, जबकि अताउर रहमान का नाम सब्जी मंडी थाने के एक लूट के मामले में सामने आ चुका है।

मोबाइल बरामद, चोरी की बाइक से देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस ने एक झपटा गया आईफोन, एक वनप्लस नॉर्ड मोबाइल और सफेद रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर 2026 को बवाना थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। इस वाहन का इस्तेमाल झपटमारी की वारदातों में किया गया। बरामदगी से नरेला थाने के एफआईआर नंबर 764/2026 और 774/2026 से जुड़े दो मामले सुलझाए गए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में बनी रणनीति

यह कार्रवाई एसीपी नरेला राकेश कुमार की देखरेख में तथा थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में हेड कांस्टेबल श्रीकांत, हेड कांस्टेबल अरविंद, कांस्टेबल मोहित और हेड कांस्टेबल रविशंकर शामिल रहे। पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास और संभावित अन्य साथियों की भूमिका की जांच जारी है। बरामद मोबाइल और मोटरसाइकिल का भी सत्यापन किया जा रहा है।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here