गोवर्धन पूजा 2026: कल सिर्फ 2 घंटे 10 मिनट रहेगा पूजा का शुभ मुहूर्त, जानें सही समय

0
9

नई दिल्ली: दिवाली के बाद अब गोवर्धन पूजा का पर्व आने वाला है। हिंदू धर्म में इस दिन का बहुत खास महत्व है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा की जाती है। मान्यता है कि गोवर्धन पूजा करने से भगवान कृष्ण की कृपा बनी रहती है और घर में सुख-समृद्धि आती है। गोवर्धन पूजा कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर की जाती है। इस साल यह तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे से शुरू होगी और 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे समाप्त होगी। उदया तिथि के अनुसार गोवर्धन पूजा 10 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाई जाएगी।

शुभ मुहूर्त और पूजा की विधि

अगर आप पूजा की तैयारी कर रहे हैं तो शुभ मुहूर्त जरूर जान लें। इस बार सुबह पूजा का मुहूर्त सुबह 6:40 बजे से 8:50 बजे तक रहेगा। यानी आपके पास पूजा के लिए सिर्फ 2 घंटे 10 मिनट का समय होगा। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:43 से दोपहर 12:26 बजे तक रहेगा और गोधूलि मुहूर्त शाम 5:30 से 5:56 बजे तक रहेगा। इस दिन घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाया जाता है। कई जगहों पर अन्नकूट का आयोजन भी होता है, जिसमें तरह-तरह के पकवान बनाकर भगवान को भोग लगाया जाता है। गायों की पूजा भी इस दिन खास मानी जाती है।

गोवर्धन पूजा का महत्व

गोवर्धन पूजा के पीछे भगवान श्रीकृष्ण की एक प्रसिद्ध कथा है। द्वापर युग में ब्रज के लोग अच्छी बारिश के लिए इंद्र देव की पूजा करते थे। भगवान कृष्ण ने उन्हें समझाया कि उनके जीवन का आधार प्रकृति, गोवर्धन पर्वत और गायें हैं, इसलिए इन्हीं की पूजा करनी चाहिए। ब्रजवासियों ने कृष्ण की बात मानकर गोवर्धन पर्वत की पूजा की, जिससे इंद्र नाराज हो गए और उन्होंने ब्रज में तेज बारिश शुरू कर दी। तब भगवान कृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी लोग अपने पशुओं के साथ पर्वत के नीचे आ गए। सात दिन बाद इंद्र को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने कृष्ण से माफी मांगी। तभी से हर साल गोवर्धन पूजा मनाई जाती है। ये पर्व हमें सिखाता है कि हमें प्रकृति और गायों का सम्मान करना चाहिए

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here