नई दिल्ली: कभी रूठे रिश्ते कभी अपनों से दूरी और कभी अपनों की याद में तड़पती मासूम आंखें लेकिन दिल्ली पुलिस के ऑपरेशन मिलाप ने एक बिछड़े परिवार को फिर से एक छत के नीचे लाने की राह खोल दी। द्वारका जिला पुलिस ने करीब दो महीने से लापता 26 वर्षीय महिला को राजस्थान के भिवाड़ी से तलाश कर उसके पति और साढ़े तीन साल की बेटी से मिलवा दिया। मां को सामने देखकर मासूम की खुशियों ने पूरे परिवार की आंखें नम कर दीं।
लापता महिला की तलाश में चुनौतियां
द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि सेक्टर-1 जेजे कॉलोनी द्वारका निवासी महिला मूल रूप से बिहार के दरभंगा की रहने वाली है। वह 5 सितंबर 2026 से लापता थी। महिला के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण पुलिस के सामने उसकी तलाश बड़ी चुनौती बन गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर राजस्थान और हरियाणा में दो बार छापेमारी की लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ा।
तीसरी छापेमारी में मिली सफलता, परिवार मिला
पुलिस ने हार नहीं मानी। महिला के बैंक खाते की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया और नए सुराग जुटाए गए। आखिरकार तीसरी बार की गई छापेमारी में पुलिस को राजस्थान के भिवाड़ी में महिला का पता मिल गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि पति और ससुराल वालों से कहासुनी के बाद उसने घर छोड़ दिया था। उसने किसी तरह की प्रताड़ना या अन्य अप्रिय घटना का आरोप नहीं लगाया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिवार से मिलाया गया। दोनों पक्षों की सहमति से पति-पत्नी ने दोबारा साथ रहने का फैसला किया। यह कार्रवाई डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश और एसीपी किशोर कुमार की निगरानी में एसआई रजत मलिक एएसआई संजीव और महिला कांस्टेबल सोनम चौधरी की टीम ने अंजाम दी।
Reported By: Pankaj Rai












