नई दिल्ली: राजधानी में चावल के बोरों की चोरी कर उसे ठिकाने लगाने का फिल्मी खेल आखिरकार अलीपुर थाना पुलिस की सतर्कता से बेनकाब हो गया। चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया और एक संदिग्ध वाहन पुलिस की जांच के रडार पर आ गया। इसके बाद शुरू हुई सुरागों की कड़ियां जोड़ने की कवायद आखिरकार खुरेजी खास तक जा पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया और उनके कब्जे से करीब 3.81 टन चावल से भरे 127 बोरे बरामद किए। बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार के दिशा-निर्देशों में,बाहरी उत्तर जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम लोकेश्वरन आर., आईपीएस के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त एसपी बादली फिरोज आलम की निगरानी में की गई।
चोरी की शिकायत से शुरू हुई जांच
पुलिस के मुताबिक 1 अक्टूबर 2026 को अलीपुर थाना क्षेत्र में चावल के बोरे चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। मामले में थाना अलीपुर में ई-एफआईआर संख्या 80083585/2026 दर्ज की गई। मामले की जांच भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत शुरू की गई। वारदात को सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगालना शुरू किया। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियों और वाहनों की आवाजाही का लगातार विश्लेषण किया गया। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध वाहन डीएल01एलएटी5402 पर जा टिकी।
वाहन बना चोरी के राज का ‘मुखबिर’
पुलिस टीम ने वाहन के पंजीकृत मालिक मोहम्मद माजिद पुत्र यूनुस खान का पता लगाकर उससे पूछताछ की। पूछताछ और जांच से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इन सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस टीम ने अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस टीम खुरेजी खास पहुंची, जहां तलाशी अभियान के दौरान चावल के 127 बोरे बरामद किए गए। प्रत्येक बोरे का वजन करीब 30 किलोग्राम बताया गया है। इस तरह बरामद चावल की कुल मात्रा लगभग 3.81 टन आंकी गई है। पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीन आरोपी पुलिस के शिकंजे में
पुलिस ने मामले में मोहम्मद अब्दुल्ला पुत्र मोहम्मद अकबर निवासी रानी गार्डन शास्त्री नगर दिल्ली को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ पहले भी एक मामले में संलिप्तता सामने आ चुकी है। दूसरे आरोपी की पहचान ताज मोहम्मद उम्र 33 वर्ष निवासी आराम पार्क, शास्त्री नगर दिल्ली के रूप में हुई है। तीसरे आरोपी सरफराज उम्र 35 वर्ष निवासी आराम पार्क खुरेजी दिल्ली को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ भी पहले एक मामले में संलिप्तता रही है।
अलीपुर पुलिस की टीम ने खोला चोरी का राज
पूरे ऑपरेशन को थाना अलीपुर के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक प्रियंका, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल सुबोध और हेड कांस्टेबल जितेंद्र शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक बरामदगी और गिरफ्तारियों के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की पूरी वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया, इसमें आरोपियों की क्या-क्या भूमिका रही और चोरी के माल को कहां-कहां पहुंचाने की योजना थी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इस मामले में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं थे और चोरी की अन्य संपत्ति या सामान कहीं छिपाकर तो नहीं रखा गया है।












