पांच दिन की सर्च में खंगाले करोड़ों के राज, एक हजार करोड़ तक पहुंच सकता है अघोषित आय का आंकड़ा

0
11

मथुरा: शहर में 13 नवंबर की सुबह शुरू हुई आयकर विभाग की सर्च कार्रवाई पांचवें दिन मंगलवार को अंतिम दौर में पहुंच गई। अधिकांश ठिकानों पर विभागीय टीमें जांच पूरी कर लौट चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई के प्रमुख केंद्र रहे शंकर सेठ और गोवर्धन अग्रवाल के प्रतिष्ठानों पर मंगलवार शाम तक सर्च जारी रही। पांच दिनों तक चली इस कार्रवाई में विभाग ने कारोबारी प्रतिष्ठानों से लेकर बैंक खातों, संपत्तियों और डिजिटल रिकॉर्ड तक की गहन पड़ताल की है। अब जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण से ही इस कार्रवाई की असली तस्वीर सामने आएगी।

दस्तावेज, बहीखाते और डिजिटल साक्ष्य जब्त  

आयकर विभाग की टीमों ने तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में दस्तावेज, बहीखाते, बैंक खातों से संबंधित रिकॉर्ड, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल साक्ष्य खंगाले। आयकर अधिनियम की धारा 132 के तहत कार्रवाई करते हुए विभाग ने आवश्यक दस्तावेज और रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। कुछ दस्तावेजों की मूल प्रतियां जब्त की गईं, जबकि अन्य की प्रतियां और डिजिटल इमेज तैयार कराई गईं। सूत्रों के मुताबिक, सर्च के दौरान मिली नकदी, आभूषण और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का मूल्यांकन और सूचीकरण भी किया गया। इसके साथ ही जब्ती की प्रक्रिया पूरी करते हुए नियमानुसार पंचनामा तैयार कराया गया।

आयकर विवरणियों से सत्यापन की प्रक्रिया शुरू  

कार्रवाई का दायरा केवल नकदी और आभूषणों की बरामदगी तक सीमित नहीं रहा। विभागीय टीमों ने संपत्तियों की रजिस्ट्री, एग्रीमेंट, बैंक खातों में हुए लेनदेन, कारोबारी बहीखातों और डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज आंकड़ों का भी मिलान किया। अब इन सभी साक्ष्यों का संबंधित कारोबारियों की आयकर विवरणियों और संपत्ति के रिकॉर्ड से सत्यापन किया जाएगा। जांच में यह पता लगाने का प्रयास होगा कि कारोबारियों की ओर से घोषित आय और वास्तविक वित्तीय लेनदेन के बीच कितना अंतर है। इसके आधार पर अघोषित आय और संभावित कर देनदारी का आकलन किया जाएगा।

अघोषित आय का आंकड़ा एक हजार करोड़ के आसपास पहुंच सकता है

फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई में मिली नकदी, आभूषण और संभावित अघोषित आय के संबंध में कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। हालांकि, विभागीय सूत्रों के अनुसार जांच में सैकड़ों करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य सामने आए हैं। सूत्रों का दावा है कि अघोषित आय का आंकड़ा एक हजार करोड़ रुपये के आसपास पहुंच सकता है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम स्थिति दस्तावेजों के विश्लेषण और विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पांच दिन तक चली इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब शहर के कारोबारी जगत की निगाहें आयकर विभाग की अगली रिपोर्ट और आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here