राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया दयाराम बद्री केदार आश्रम का उद्घाटन

0
10

वृंदावन: अल्हैपुर मार्ग स्थित राधा फ्लोरेंस के निकट नवनिर्मित दयाराम बद्री केदार आश्रम का पंच दिवसीय उद्घाटन एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। महोत्सव का शुभारंभ गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने डॉ. राम कृपालु त्रिपाठी महाराज और बिंदु गुप्ता के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर और रिबन काटकर आश्रम का उद्घाटन किया।

राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने सनातन संस्कृति का संदेश पहुंचाने की सराहना की 

दयाराम चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के दौरान मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, देव पूजन और 108 ब्राह्मणों द्वारा सहस्र चंडी पाठ का शुभारंभ भी किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि श्रीधाम वृंदावन भगवान श्रीकृष्ण और उनकी आल्हादिनी शक्ति श्रीराधा रानी की लीला भूमि है। भागवत प्रवक्ता आचार्य कमल नयन महाराज (बद्रीनाथ वाले) द्वारा दयाराम बद्री केदार आश्रम की स्थापना सराहनीय पहल है। उन्हें विश्वास है कि आश्रम के माध्यम से संचालित होने वाले सेवा प्रकल्प भारतीय वैदिक सनातन संस्कृति का संदेश विश्वभर में पहुंचाएंगे। इससे वृंदावन और बद्रीनाथ धाम के आध्यात्मिक संबंध भी और मजबूत होंगे।

डॉ. राम कृपालु त्रिपाठी महाराज के विचार

डॉ. राम कृपालु त्रिपाठी महाराज ने कहा कि आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष भागवत किंकर कमल नयन महाराज सहज, सरल, परोपकारी और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित व्यक्तित्व हैं। उन्होंने सनातन धर्म और भारतीय वैदिक संस्कृति के संरक्षण एवं पुनर्स्थापना का संकल्प लिया है। इसके लिए वह जीवनभर प्रयासरत रहेंगे कार्यक्रम के संयोजक आचार्य युगल किशोर कटारे ने सभी अतिथियों का ठाकुरजी का पटुका, प्रसादी और माला भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान आचार्य मंगेश दुबे, मीडिया प्रभारी डॉ. राधाकांत शर्मा, अंकित भैया सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर डॉ. रत्नेश त्रिपाठी ने किया।

सरस भजन संध्या का आयोजन

महोत्सव के पहले दिन शाम को सरस भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें हरिद्वार की प्रख्यात भजन गायिका करुणा चौहान और दिल्ली के भजन सम्राट निकुंज कामरा ने राधा-कृष्ण की महिमा से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here