रतिया: रतिया के अनाज मंडी रोड पर आने-जाने वाले लोग बहुत ज्यादा परेशान हैं। धान का सीजन होने के कारण मंडी रोड पर हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह से लेकर शाम तक सड़क पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहती हैं और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि किसानों ने धान को सड़क के ऊपर ही गिराकर झड़ना शुरू कर दिया है। जिस मशीन से धान को झाड़ा जाता है, उस मशीन से निकलने वाला अड़ंगा, भूसा और धूल आने-जाने वाले लोगों के ऊपर पड़ता है। कई बार तो यह अड़ंगा लोगों की आंखों में भी पड़ जाता है, जिससे लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। कपड़े खराब हो जाते हैं और आंखों में जलन व दर्द होने लगता है।
मुख्य मार्ग पर जाम का असर
यह मंडी रोड कोई छोटा-मोटा रास्ता नहीं है, बल्कि यह मेन रास्ता है। यही रास्ता टीबा कॉलोनी, मॉडल टाउन और अरोड़ा कॉलोनी को जाता है। हजारों लोग रोजाना इसी रास्ते से अपने घरों, दुकानों, स्कूलों और काम पर आते-जाते हैं। जाम के कारण लोगों को मजबूर होकर टोहाना रोड से होकर आजाद मार्केट में से गुजरते हुए अपने घरों को जाना पड़ता है, जिससे उनका समय भी खराब होता है और लंबा चक्कर भी लगाना पड़ता है।
प्रशासन की लापरवाही और जगह की कमी
प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। अनाज मंडी के साथ लगते लाल गोदाम को भी खोल दिया गया है। लाल गोदाम में भी धान गिराया जा रहा है, फिर भी अनाज मंडी में धान गिरने की जगह बहुत कम पड़ रही है। जगह कम पड़ने के कारण ही किसान मजबूर होकर सड़क पर ही धान गिरा रहे हैं, जिस कारण मंडी रोड पर जाम लग जाता है। इस जाम का सबसे ज्यादा खामियाजा बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। बुजुर्गों को पैदल निकलना मुश्किल हो गया है, स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में देरी हो जाती है और महिलाओं को घर का सामान लेकर निकलने में परेशानी होती है। कई बार तो एंबुलेंस जैसे जरूरी वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है।
नगरवासियों की प्रशासन से मांग
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी रोड पर तुरंत कोई पुलिस कर्मचारी तैनात किया जाए, ताकि जाम न लगे। सड़क पर धान गिराकर झाड़ने वालों पर रोक लगाई जाए और ट्रैक्टर-ट्रालियों को आड़ी-तिरछी खड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आने-जाने वालों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए।
Reported By: Rimpi Jindal












