वीकेंड का वार में बिगड़ी सलमान खान की तबीयत? स्टेज पर लेट गए तो फैंस हुए परेशान, एक्टर ने देर रात बताई असलियत

0
10
Salman Khan health issues
Salman Khan health issues

मुंबई: ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में एक ऐसा पल आया, जिसने फैंस की धड़कनें बढ़ा दीं। शो के दौरान सलमान खान बार-बार सीने के पास दर्द का इशारा करते नजर आए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर चिंता का माहौल बन गया। हालांकि अब खुद सलमान ने सामने आकर इस पूरे मामले पर सफाई दी है और साफ कर दिया है कि उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है।

एपिसोड के बीच में सलमान खान को अपने दिल पर हाथ रखते हुए देखा गया, इसके बाद उन्हें बोलने में भी दिक्कत होती दिखी और वे स्टेज पर लेट गए। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से डॉक्टर बुलाने के लिए भी कहा। इस पूरे घटनाक्रम को देखकर दर्शकों के बीच हड़कंप मच गया और कई फैंस ने सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर दुआएं मांगनी शुरू कर दीं।

सलमान ने इंस्टाग्राम पर दी सफाई

फैंस की बढ़ती चिंता को देखते हुए सलमान खान ने खुद इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस पूरे मामले को स्पष्ट किया। उन्होंने लिखा कि भगवान की कृपा से उनकी सेहत में कोई दिक्कत नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने शो के प्रोमो की एडिटिंग पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस तरह से इस घटना को दिखाया गया, उससे ऐसा लगा जैसे उन्हें वाकई कोई हेल्थ प्रॉब्लम हो गई हो।

कंटेस्टेंट काजी को समझाना था मकसद

सलमान के मुताबिक, उन्होंने जो दर्द दिखाया था, वह असल में कंटेस्टेंट काजी को एक जरूरी बात समझाने के लिए था। उनका कहना था कि वे काजी को यह सिखाना चाहते थे कि मनोरंजन के लिए अपनी सेहत का बहाना बनाना बिल्कुल गलत है, खासकर तब जब घर के बाकी सदस्यों को यह नहीं पता था कि वह सिर्फ एक्टिंग कर रहा है और वे सच में उसकी चिंता कर रहे थे। सलमान ने आगे लिखा कि प्रोमो की गलत एडिटिंग की वजह से उनका असली मकसद ही खत्म हो गया, और ऐसा लगा जैसे वे भी वही कर रहे हैं जो काजी ने घर के अंदर किया था।

एपिसोड के दौरान सलमान खान काफी गुस्से में भी नजर आए। उन्होंने उन ऑनलाइन ट्रोलर्स को जमकर लताड़ा, जो कलाकारों को खासतौर पर उनके लुक्स को लेकर निशाना बनाते हैं। अपने गंजे लुक पर लगातार हो रही टिप्पणियों का करारा जवाब देते हुए उन्होंने स्टेज पर ही अपनी टोपी और टी-शर्ट उतार दी, जिससे उन्होंने ट्रोलर्स को साफ संदेश दे दिया कि वे उनकी किसी भी बात से डरने वाले नहीं हैं। सलमान ने आगे कहा कि लोग उन्हें ट्रोल करना चाहते हैं तो बेझिझक करें, उन्हें इसकी कोई परवाह नहीं है। बता दें कि वर्क फ्रंट पर सलमान खान जल्द ही डायरेक्टर अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आने वाले हैं, हालांकि फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here