नई दिल्ली: घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी लेने वाले ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट आया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडर की रिफिल के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (बीएए) अनिवार्य होगा। यानी सस्ते रेट पर सिलेंडर बुक करने से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। मंत्रालय का कहना है कि इस फैसले से हर कनेक्शन को असली उपभोक्ता से जोड़ा जा सकेगा। इससे सब्सिडी वाले सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल रोकने और नकली या डुप्लीकेट कनेक्शन हटाने में मदद मिलेगी। सरकार का मकसद सब्सिडी का फायदा सिर्फ पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। मंत्रालय ने साफ किया है कि किसी जरूरतमंद को सिलेंडर से वंचित करने का इरादा नहीं है।
कितने लोगों ने पूरा कर लिया
19 सितंबर 2026 तक करीब 27.43 करोड़ ग्राहकों यानी लगभग 89.9 प्रतिशत लोगों का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन हो चुका है। इन ग्राहकों को अब कोई अतिरिक्त कदम उठाने की जरूरत नहीं है।
घर बैठे या आसानी से कैसे करें बीएए
ग्राहक तीन आसान तरीकों से यह काम पूरा कर सकते हैं। सिलेंडर डिलीवरी के समय डिलीवरीमैन मोबाइल ऐप से करवा सकता है। डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम जाकर भी कराया जा सकता है। घर बैठे कंपनी के ऐप से भी संभव है—इंडेन के लिए IndianOil ONE, भारत गैस के लिए HelloBPCL और एचपी गैस के लिए HP PAY ऐप उपलब्ध हैं।
सब्सिडी पर सरकार का खर्च
सरकार घरेलू एलपीजी को सस्ता रखने के लिए हर साल हजारों करोड़ रुपये खर्च करती है। सितंबर 2026 में 14.2 किलो के सिलेंडर पर करीब 210 रुपये की सब्सिडी चल रही है। पहले यह राशि और ज्यादा भी रही है। इसलिए सरकार चाहती है कि फायदा सही लोगों तक ही पहुंचे। पहले 30 जून तक का समय दिया गया था, फिर कई बार बढ़ाया गया। अब अंतिम रूप से 1 अक्टूबर से यह नियम लागू हो जाएगा। किसी भी परेशानी पर टोल-फ्री नंबर 1800 2333 555 पर संपर्क किया जा सकता है। ग्राहकों को सलाह है कि समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि सस्ते सिलेंडर मिलने में कोई रुकावट न आए।












