सहकारी समितियों में ‘करोड़ों का खेल’! केरल में ईडी का बड़ा एक्शन, 20 ठिकानों पर छापेमारी

0
9

नई दिल्ली: केरल में सहकारी समितियों से जुड़े कथित वित्तीय घोटालों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा शिकंजा कसा है। ईडी की टीम ने त्रिशूर एर्नाकुलम और कोझिकोड में करीब 20 ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है। कार्रवाई तीन अलग-अलग सहकारी समिति बैंक से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामलों में की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इन तीन मामलों में संदिग्ध रूप से जुड़ी रकम करीब 92 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पहला मामला 55 करोड़ का कथित फर्जीवाड़ा

एर्नाकुलम और आसपास के इलाकों में अर्बन को ऑपरेटिव सोसायटी से जुड़े पदाधिकारियों पर सदस्यों को कथित तौर पर फर्जी ऋण जारी कर नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। इस मामले में करीब 55 करोड़ रुपये की राशि जांच के घेरे में है। ईडी की टीम करीब 5 से 6 परिसरों में तलाशी ले रही है।

दूसरा मामला 10 करोड़ की ‘ऊंचे ब्याज’ वाली कहानी

कोझिकोड में थेन्नेला सर्विस को-ऑपरेटिव सोसायटी से जुड़े मामले में पदाधिकारियों पर कथित तौर पर अधिक ब्याज का लालच देकर लोगों से धन जुटाने और फर्जी ऋण जारी करने के आरोप हैं। इस मामले में करीब 10 करोड़ रुपये की राशि शामिल होने की बात सामने आई है। ईडी की कार्रवाई करीब 7 से 8 परिसरों में चल रही है।

तीसरा मामला 27 करोड़ की संपत्ति पर सवाल

त्रिशूर में कुट्टनल्लूर को ऑपरेटिव बैंक से जुड़े मामले में कथित तौर पर मालिकों/जमाकर्ताओं की सहमति के बिना गिरवी रखी संपत्तियों के हस्तांतरण का आरोप है। मामले में करीब 27 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि बताई जा रही है। ईडी की टीम यहां 5 से 6 परिसरों में तलाशी अभियान चला रही है।

ईडी की इस कार्रवाई को तीनों मामलों में कथित वित्तीय अनियमितताओं दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े अहम सुराग जुटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here