यमन में हूती विद्रोहियों का बड़ा हमला, सऊदी समर्थित सेना के 53 जवानों की मौत

0
7

नई दिल्ली: यमन में हूती विद्रोहियों ने सऊदी समर्थित सरकारी सेना पर जोरदार हमला किया है। इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। पहले 18 लोगों के मारे जाने की खबर थी, लेकिन अब आंकड़ा तीन गुना से ज्यादा हो गया है। रॉयटर्स के मुताबिक, चार सरकारी और मेडिकल सूत्रों ने बताया कि सोमवार सुबह शबवा प्रांत में हूती विद्रोहियों ने यमनी सरकार के एक मिलिट्री ट्रेनिंग कैंप को निशाना बनाया। इस दौरान ट्रेनिंग कर रहे सैनिकों पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, जिसमें कम से कम 53 जवानों की मौत हो गई।

जंग तेज, कई मोर्चों पर हमले

यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार को सऊदी-नेतृत्व वाला गठबंधन समर्थन दे रहा है, जबकि राजधानी सना और उत्तर यमन के बड़े हिस्से पर हूतियों का कब्जा है। पिछले कुछ हफ्तों में दोनों पक्षों के बीच लड़ाई काफी तेज हो गई है। इसे व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष के तौर पर देखा जा रहा है, जो फरवरी के अंत में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद और भड़क गया है।

हूतियों ने सिर्फ यमन में ही नहीं, सऊदी अरब में भी हमले किए हैं। रविवार को सऊदी के नजरां शहर के एक रिहायशी इलाके में हूती गुट का एक प्रोजेक्टाइल गिरा, जिसमें 6 नागरिक घायल हो गए। तीन घरों और तीन गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। सिविल डिफेंस ने कहा कि आम नागरिकों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन है और इस पर तय कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने रविवार दोपहर अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में खतरा टलने पर हटा लिया गया।

अदन और रियाद पर भी मिसाइलें

यह हूती विद्रोहियों के सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है। इससे पहले 15-16 अक्टूबर को हूतियों ने अदन के राष्ट्रपति महल अल-माशिक पैलेस पर पांच बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं, जिसमें 5 लोगों की मौत हुई और 16 घायल हुए थे। प्रधानमंत्री सुरक्षित बच गए थे। अगले ही दिन अदन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो मिसाइलें गिरीं, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।

वहीं सऊदी अरब में रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट पर हुए कई हमलों में करीब 17 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद एयरपोर्ट को बंद करना पड़ा था। ढहरान में सऊदी अरामको के मुख्यालय पर भी हमला हुआ था। सऊदी गठबंधन लगातार मिसाइलों और ड्रोनों को इंटरसेप्ट कर रहा है और जवाबी कार्रवाई भी कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here