नई दिल्ली: रोशनी के पर्व दीपावली पर जहां जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में खुशियों के दीप जल रहे थे वहीं विश्वविद्यालय की व्यवस्था को दिन-रात संभालने वाले मजदूरों के घरों में मायूसी का अंधेरा पसरा रहा। अपने हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रहे सफाई, मेस और सुरक्षा कर्मचारियों का आंदोलन लगातार आठवें दिन भी जारी रहा। मजदूरों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन और ठेकेदार उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रहे हैं।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें और निष्फल वार्ता
ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (एआईसीसीटीयू) ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लंबित बोनस का भुगतान, कार्यबल में बढ़ोतरी, अर्जित अवकाश (ईएल), आकस्मिक अवकाश (सीएल) का अधिकार, मातृत्व लाभ तथा अन्य बुनियादी श्रमिक अधिकार शामिल हैं। मामले को सुलझाने के लिए श्रम आयोग, जेएनयू श्रमिक यूनियन और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच बातचीत भी हुई थी। आरोप है कि वार्ता के दौरान सामने आए निर्देशों और आश्वासनों के बावजूद न तो विश्वविद्यालय प्रशासन और न ही ठेकेदार ने उन पर अपेक्षित अमल किया।
बोनस का इंतजार जारी, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई
कर्मचारियों का कहना है कि जिन हाथों ने विश्वविद्यालय की सफाई, भोजन और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली, उन्हीं हाथों को त्योहार पर उनका अधिकार नहीं मिला। दीपावली बीत गई, लेकिन बोनस का इंतजार खत्म नहीं हुआ। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी लड़ाई केवल बोनस तक सीमित नहीं, बल्कि सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों और कानूनी श्रमिक अधिकारों के लिए है। अब निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन पर टिकी हैं कि वह कब तक मजदूरों की आवाज सुनेगा।











