नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर अक्सर कोई न कोई वीडियो चर्चा का विषय बना रहता है. वहीं अब यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर निशु आजाद ने अपने घर पर पथराव होने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो शेयर किए, जिनमें बालकनी में टूटे कांच और बिखरे हुए पत्थर दिखाई दे रहे हैं। निशु ने दावा किया कि घर के बाहर से डराने वाली आवाजें आ रही हैं और उन्हें अपने साथ-साथ परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता हो रही है।
निशु ने वीडियो में कहा कि उन्हें पहले कभी इतनी घबराहट महसूस नहीं हुई थी। लेकिन अब उन्होंने सुरक्षा की मांग करते हुए आशंका जताई कि अगर उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। क्या है पूरा वायरल वीडियो चलिए जानते है।
पहले भी लगा चुकी हैं धमकी के आरोप
निशु आजाद और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बहस के बाद मामला जंतर-मंतर तक पहुंच गया था। वहां निशु के पिता संजय और स्वतंत्र के बीच भी विवाद हुआ था। निशु का आरोप है कि इस दौरान स्वतंत्र ने उनके पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और सात टांके लगाने पड़े हैं। बाद में स्वतंत्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई उस समय हुई जब सीजेपी, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी से जुड़े कुछ नेता संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। इससे पहले निशु ने स्वतंत्र के समर्थकों पर सोशल मीडिया के जरिए गाली-गलौज करने और रेप की धमकियां देने का भी आरोप लगाया था।
घर के बाहर धमकी देने का दावा
निशु ने शनिवार रात शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में दावा किया कि कुछ लोग उनके घर के बाहर आकर चिल्ला रहे थे और उन्हें धमका रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर कोई उनके घर में घुसकर उनके माता-पिता को नुकसान पहुंचाता है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। उन्होंने घर के बाहर कुछ लोगों की तस्वीर भी साझा की, हालांकि चेहरों को ब्लर कर दिया गया था। निशु ने दावा किया कि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा की जरूरत है।
दूसरी ओर, स्वतंत्र के समर्थक एससी-एसटी एक्ट के इस्तेमाल पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, स्वतंत्र पहले निशु के पिता के साथ मारपीट की बात स्वीकार करने वाले अपने बयान पर बाद में सफाई दे चुका है। पुलिस अब निशु की ओर से लगाए गए नए आरोपों की भी जांच कर सकती है।












