ध्रुव राठी को दिल्ली कोर्ट से झटका, गैर-जमानती वारंट जारी, बढ़ीं मुश्किलें

0
6

नई दिल्ली: दिल्ली की साकेत कोर्ट ने सोमवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। यह आदेश 2018 के एक आपराधिक मानहानि मामले में दिया गया है। मजिस्ट्रेट अनम रईस खान ने शिकायतकर्ता सांकृत्यायन उर्फ विकास पांडे की शिकायत पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।

विकास पांडे ‘आई सपोर्ट नरेंद्र मोदी’ नाम का पेज चलाते हैं। आरोप है कि यूट्यूबर ध्रुव राठी ने अपने “BJP IT Cell Part II” नामक वीडियो में उनके खिलाफ झूठे और मानहानि करने वाले दावे किए थे। इसी को लेकर विकास पांडे ने कोर्ट में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में कोर्ट पहले भी कई बार ध्रुव राठी को पेश होने का मौका दे चुका है। सबसे पहले जुलाई 2019 में उनके खिलाफ समन जारी किया गया था। समन के बाद भी जब वह कोर्ट में पेश नहीं हुए, तो उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया गया।

दो बार जमानती वारंट के बाद NBW

कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ दो बार जमानती वारंट भी जारी किए थे। लेकिन पेशी और वारंट पहुंचाने में दिक्कतों के चलते अब कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई तीन दिसंबर 2026 को होगी। सुनवाई के दौरान ध्रुव राठी के वकील समक्ष शर्मा ने अदालत को बताया था कि ध्रुव राठी आमतौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं। इस वजह से उन्हें समन और वारंट पहुंचाने में दिक्कत आ रही है।

हाल ही में भारत आए थे ध्रुव राठी

गौरतलब है कि हाल ही में ध्रुव राठी भारत आए थे। वह दिल्ली में हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए भारत आए थे। इसके बावजूद वह कोर्ट में पेश नहीं हुए, जिसके बाद कोर्ट ने यह सख्त आदेश दिया। यह मामला करीब 7 साल पुराना है। 2018 में वीडियो को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उनके खिलाफ गलत तथ्य पेश किए गए, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।

वहीं, अब गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद ध्रुव राठी को अगली सुनवाई यानी 3 दिसंबर को कोर्ट में पेश होना होगा। अगर वह पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे और सख्त कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल इस आदेश के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ध्रुव राठी की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here